Mahila Samman Yojana: दिल्ली सरकार ने आज एक ऐतिहासिक फैसला लेते हुए महिला सम्मान योजना को मंजूरी दे दी है। इस योजना के तहत दिल्ली की हर पात्र महिला को हर महीने 1000 रुपये सीधे उसके बैंक खाते में दिए जाएंगे। यह योजना दिल्ली की महिलाओं के सशक्तिकरण और आर्थिक स्थिति में सुधार लाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।
फाइल फोटो।
योजना की मुख्य बातें
दिल्ली सरकार ने कहा कि फिलहाल दिल्ली की हर पात्र महिला को हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके बाद अगली बार सरकार बनने पर यह राशि बढ़कर 2100 रुपये हो जाएगी और महिलाओं के खाते में 2100 रुपये प्रति माह आएंगे। अभी दिल्ली सरकार की कैबिनेट ने हर महीने महिलाओं को 1000 रुपये देने का प्रस्ताव पास किया है।
यह घोषणा ऐसे समय में की गई है जब दिल्ली में फरवरी 2025 में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारी की जा रही है और आप इस चुनाव को लगातार तीसरी बार जीतने का प्रयास कर रही है। केजरीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री आतिशी की अध्यक्षता में दिल्ली मंत्रिमंडल ने इस योजना को मंजूरी दे दी है और महिलाएं शुक्रवार से अपना पंजीकरण शुरू करा सकती हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी के चुनाव जीतने पर इस योजना के तहत राशि बढ़ाकर 2,100 रुपये प्रति माह कर दिए जाने की भी घोषणा की है।
शुरू में इस योजना की घोषणा 2024-25 के बजट में दो हजार करोड़ रुपये के आवंटन के साथ की गई थी। उन्होंने कहा, ‘‘यह योजना महिलाओं को सशक्त बनाने और उनकी वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए है।’’ केजरीवाल ने कहा, ‘‘भाजपा इसे मुफ्त रेवड़ी कहती है, लेकिन मैं इसे हमारे समाज को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया कदम मानता हूं। भाजपा पूछती है कि रुपया कहां से आएगा, लेकिन मैंने कहा था कि हम मुफ्त बिजली देंगे और हमने ये किया भी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं भाजपा को बताना चाहता हूं कि मैं जादूगर हूं; मैं हिसाब-किताब का जादूगर हूं।’’ उन्होंने महिलाओं से सक्रिय रूप से उनका समर्थन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, ‘‘अगर सभी महिलाएं मिलकर आगे आएं तो हम 60 से ज्यादा सीट जीतेंगे।’’
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
