Delhi News: एक तरफा प्यार में युवती से मिला इंकार एक कंप्यूटर इंजीनियर को इतना नागवार गुजरा की वह इंजीनियर से ब्लैकमेलर बन गया। गुस्साए आरोपी ने युवती के फोटो विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर डालने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। इन फोटो को हटाने के एवज में युवती के परिजनों से सात लाख रुपये भी ऐंठ लिए। आरोपी के इन करतूतों से परेशान पीड़िता ने इसकी शिकायत दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली जिला पुलिस को की। जिसके बाद सक्रिय हुई साइबर पुलिस ने पूरे मामले की जांच कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
प्यार में इंकार पर दिल्ली का इंजीनियर बन बैठा ब्लैकमेलर। (सांकेतिक फोटो)
दिल्ली पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित अंशुल श्रीवास्तव कंप्यूटर इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद एक कंपनी में अच्छी पोजिशन पर जॉब कर रहा था। इस आरोपी के खिलाफ आरके पुरम में रहने वाली एक युवती ने 12 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराया था। युवती ने बताया था कि, एक युवक उसे ब्लैकमेल कर रहा है। उसके फोटो एडिट कर विभिन्न इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर डालने के साथ उसके दोस्तों और रिश्तेदारों को भेज रहा है।
आरोपी 10 लाख रुपये मांग के साथ करना चाहता था सगाई
शिकायतकर्ता ने बताया कि, आरोपित इंजीनियर ने फोटो डिलीट करने की एवज में उससे सात लाख रुपये भी ऐंठ लिए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपित के बैंक अकाउंट और मोबाइल नंबरों की जांच करते हुए उसे यूपी के उन्नाव जिले से दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि, वह पीड़िता की बहन को पहले से जानता था। जिसकी मदद से उसकी मुलाकात पीड़िता से हुई। दोनों के बीच जान-पहचान बढ़ी तो आरोपित ने उसे प्रपोज कर दिया, लेकिन पीड़िता ने उसे मना कर दिया।
इससे नाराज आरोपित ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया। आरोपित ने पीड़िता के एडिट किए गए फोटो को वायरल करके उन्हें डिलीट करने की एवज में सात लाख रुपये ऐंठ लिए। पुलिस ने बताया कि,आरोपित अब 10 लाख और साथ ही सगाई करने की मांग कर रहा था। जिसके बाद पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस को दी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
