भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है। भाजपा ने दिल्ली के लिए जो सबसे बड़ा वादा किया है वह है दिल्ली की महिलाओं को 2500 रुपये प्रति माह देने का। भाजपा ने दिल्ली की महिलाओं से वादा किया है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में चुनाव जीतने और सरकार बनने के बाद उन्हें हर महीने 2500 रुपये महिला सम्मान निधि के रूप में दिए जाएंगे।
दिल्ली की महिलाओं को भाजपा देगी ढाई हजार रुपये
बता दें कि दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने चुनाव के बाद दिल्ली की महिलाओं को 2100 रुपये देने का वादा किया है, जबकि कांग्रेस ने भी 2500 रुपये की घोषणा की है। दिल्ली की सभी 70 सीटों के लिए 5 फरवरी को मतदान होगा, जबकि 8 फरवरी को मतगणना होगी।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में संकल्प पत्र जारी किया। उन्होंने कहा, मातृ सुरक्षा वंदना को और ताकत देने के लिए 6 पोषण किट दी जाएगी और हर गर्भवती महिला को 21,000 रुपये दिए जाएंगे।
जेपी नड्डा ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनते ही राज्य में आयुष्मान भारत योजना को लागू किया जाएगा। इसके तहत गरीबों को मुफ्त इलाज का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही पांच लाख रुपये का अतिरिक्त हेल्थ कवर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री वय वंदन योजना के तहत 70 साल से अधिक उम्र के लोगों को पांच लाख रुपये का कवर मिलेगा। इसके अलावा दिल्ली सरकार इसमें 5 लाख रुपये का योगदान देगी।
उन्होंने कहा, गरीब बहनों को सिलेंडर पर 500 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी और होली एवं दीवाली पर एक-एक सिलेंडर मुफ्त दिया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
