दिल्ली

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 :AAP ने कांग्रेस को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम, ‘India' गठबंधन से निकलवाने की धमकी!

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025: दिल्ली चुनाव से पहले विपक्षी एकता को बड़ा झटका देते हुए आम आदमी पार्टी ने कहा कि वह कांग्रेस को गठबंधन से हटाने के लिए इंडिया ब्लॉक की अन्य पार्टियों से सलाह-मशविरा करेगी।

Image

दिल्ली चुनाव से पहले विपक्षी एकता को बड़ा झटका

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025: आम आदमी पार्टी (AAP) ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव में ‘आप’ की संभावनाओं को नुकसान पहुंचाने के लिए भाजपा से मिलीभगत करने का आरोप लगाया।दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने यहां संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि कांग्रेस की हरकतों की वजह से इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (India) गठबंधन की एकता को नुकसान हो रहा है।

सिंह ने कहा, 'हमने हरियाणा चुनाव के दौरान कांग्रेस के खिलाफ एक शब्द नहीं बोला। कांग्रेस फिर भी भाजपा की तरह काम कर रही है। कांग्रेस के उम्मीदवारों की सूची देखें तो लगता है कि जैसे भाजपा के कार्यालय में बनी हो।' उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता अजय माकन और संदीप दीक्षित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय 'आप' को निशाना बना रहे हैं।

सिंह ने कहा, 'अजय माकन ने अरविंद केजरीवाल को राष्ट्र-विरोधी कहकर सभी सीमाएं लांघ दीं। अतीत में कांग्रेस के लिए प्रचार करने के बावजूद अब केजरीवाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है जबकि कांग्रेस ने भाजपा के किसी नेता के खिलाफ एक भी प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई।' आतिशी ने भी इसी तरह की बात कहते हुए दावा किया कि कांग्रेस आप को कमजोर करने पर तुली हुई है।उन्होंने कहा, 'यह बात पक्की है कि संदीप दीक्षित और फरहाद सूरी जैसे कांग्रेस उम्मीदवारों को भाजपा का समर्थन मिल रहा है। यह मिलीभगत इंडिया गठबंधन के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता पर प्रश्न खड़े करती है।'

'आप' ने माकन और कांग्रेस के अन्य नेताओं के खिलाफ 24 घंटे में अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की और कहा कि अगर कोई कदम नहीं उठाया गया तो वह कांग्रेस को 'इंडिया' गठबंधन से बाहर निकालने के लिए दबाव बनाएगी।सिंह ने कहा, 'हम गठबंधन के अन्य दलों से कांग्रेस को बाहर निकालने का अनुरोध करेंगे।' गौर हो कि दिल्ली में फरवरी में विधानसभा चुनाव होने हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article