DC VS KKR: आईपीएल का खुमार इस समय सभी पर सवार है। दिल्ली वालों के लिए आज का दिन बेहद खास है क्योंकि आज दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स का मैच है, जो अरुण जेटली स्टेडियम (पूर्व में, फिरोज शाह कोटला ग्राउंड) में शाम 7:30 बजे से खेल जाएगा। इसके चलते आज शहर में ट्राफिक जाम के साथ-साथ भारी-भड़कम भीड़ भी रहेगी। इसको देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने एक अपडेट जारी की है। DMRC ने दर्शकों की सुविधा के लिए सभी लाइनों पर आखिरी ट्रेन की समय सीमा बढ़ाने की घोषणा की है। इसमें एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन भी शामिल है।
आईपीएल मैचों के लिए दिल्ली मेट्रो अपडेट
76 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप चलाई जाएंगी
भारी भीड़ को संभालने के लिए DMRC के द्वारा 76 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप चलाई जाएंगी। अरुण जेटली स्टेडियम दिल्ली गेट और आईटीओ मेट्रो स्टेशनों के पास स्थित है, जो वायलेट लाइन पर आते हैं। यह लाइन कश्मीरी गेट से लेकर राजा नाहर सिंह तक जाती है। मैच देखने आने वाले अधिकतर लोग इन्हीं स्टेशनों के माध्यम से मेट्रो का उपयोग करते हैं। हालांकि, जनकपुरी वेस्ट से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन तक जाने वाली मेट्रो सेवा की आखिरी ट्रेन के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
मैच के आधार पर बढ़ेगा ट्रेन का टाइम
डीएमआरसी के मुताबिक, मैच के बाद भीड़ को संभालने के लिए ये सेवा दी जाएगी। इससे मैच देखने के बाद लौटने वाले दर्शकों को मेट्रो सेवा आसानी से मिल सकेगी। मैच वाले दिन आखिरी मेट्रो ट्रेन सामान्य समय से एक से दो घंटे तक ज्यादा देर तक चलेंगी। डीएमआरसी ने ये भी कहा है कि जरूरत पड़ने पर मैच के आधार पर आखिरी ट्रेन का समय और आगे बढ़ाया जा सकता है।
11 मई को फिर होगा मैच
आज 29 अप्रैल के बाद दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम (फिरोज शाह कोटला ग्राउंड) में 11 मई, रविवार को दिल्ली कैपिटल्स vs गुजरात टाइटंस का मैच होना है। ऐसे में DMRC द्वारा निर्धारित ये सेवाएं, 11 मई तक लागू रहेंगी, ताकि दर्शकों को कोई असुविधा न हो।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
