Delhi News: दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुके हैं। इसके तहत बुजुर्गों के लिए एक खास हेल्थ कार्ड मिलेगा। जिसका नाम है आयुष्मान वय वंदना कार्ड। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PMJAY) के तहत दिल्ली में 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के बुजुर्गों को बहुत जल्द आयुष्मान वय वंदना कार्ड जारी किए जाएंगे। इस योजना के तहत दिल्ली में बुजुर्ग कुल दस लाख रुपये का निशुल्क इलाज पा सकेंगे। जिसमें पांच लाख रुपये का इलाज आयुष्मान भारत PMJAY के तहत मिलेगा और पांच लाख रुपये का अतिरिक्त स्वास्थ्य बीमा दिल्ली सरकार मुहैया कराएगी।
हर वर्ग के बुजुर्ग को होगा फायदा
PMJAY के तहत रजिस्टर्ड अस्पतालों में इस कार्ड का लाभ लिया जा सकेगा। आयुष्मान वय वंदना कार्ड की एक खास बात यह है कि ये 70 साल या इससे अधिक अवस्था वाले बुजुर्गों के लिए है। इसका आय से कुछ लेना-देना नहीं है, यानी किसी भी वर्ग का बुजुर्ग ये कार्ड बनवाकर इसका लाभ से सकता है। दिल्ली में 70 वर्ष और उससे अधिक उम्र के करीब छह लाख बुजुर्ग हैं। इस कार्ड से वय की बीमारियों जैसे, अस्थमा, ब्लड प्रेशर, हृदय रोग, मोतियाबिंद आदि के इलाज का बोझ कम हो जाएगा।
क्या है आयुष्मान वय वंदना कार्ड
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत, 70 साल या उससे ज्यादा उम्र के बुजुर्गों को बेहतर इलाज के लिए साल 2024 में आयुष्मान वय वंदना कार्ड की शुरुआत की गई थी। इस कार्ड के जरिए लाभार्थी देश के किसी भी अस्पताल में 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज करा सकते हैं। इसके लिए आय और आर्थिक वर्ग की कोई बाध्यता नहीं है। दिल्ली सरकार की तरफ से इस योजना में 5 लाख रुपये के बीमे का अतिरिक्त लाभ भी मिलेगा। यानी लाभार्थी को इलाज में कुल 10 लाख तक का फायदा मिल सकता है।
केवल आधार कार्ड की होगी जरूरत
इस कार्ड को बनवाने की प्रक्रिया आसान है। इसके लिए ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर रजिस्टर किया जा सकता है। इसके रजिस्ट्रेशन जारी हैं। मिली जानकारी के अनुसार सभी विधानसभा क्षेत्रों में बुजुर्गों की सूची तैयार की जा रही है। इसके अलावा जनप्रतिनिधि भी बुजुर्गों का रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। दस्तावेजों की बात करें तो आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनवाने के लिए केवल आधार कार्ड की आवश्यकता होगी। ताकि उम्र का पता चल सके। आधार कार्ड के माध्यम से रजिस्ट्रेशन किया जाएगा।
कब से मिलेंगे कार्ड
पिछले दिनों दिल्ली सरकार ने घोषणा की थी कि 28 अप्रैल यानी सोमवार को त्यागराज स्टेडियम में एक कार्यक्रम आयोजित करके बुजुर्गों को आयुष्मान वय वंदना कार्ड वितरित किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
