केजरीवाल बोले - देश का मिडिल क्लास Tax Terrorism का शिकार, मोदी सरकार के आगे रखी 7 प्वाइंट डिमांड

आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले मिडिल क्लास के मुद्दों को जोर-शोर से उठाया है। केजरीवाल ने मिडिल क्लास को संबोधित करते हुए कहा कि वह और उनके सांसद सड़क से संसद तक उनके मुद्दों को उठाएंगे। उन्होंने केंद्र सरकार के सामने मिडिल क्लास की ओर से 7 प्वाइंट डिमांड भी रखी है।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा चुनाव से ठीक पहले देश के मिडिल क्लास के मुद्दों को उठाया है। दिल्ली में 5 फरवरी को विधानसभा चुनाव के तहत सभी 70 सीटों के लिए मतदान होना है। इससे पहले संसद में 1 फरवरी 2025 को देश का आम बजट पेश किया जाएगा। अरविंद केजरीवाल ने इस अवसर पर आज यानी बुधवार 22 जनवरी को देश के मिडिल क्लास को संबोधित किया और कहा कि वह स्वयं और उनके सांसद सड़क से संसद तक मिडिल क्लास के मुद्दों को उठाएंगे। इस अवसर पर उन्होंने मिडिल क्लास की ओर से केंद्र सरकार के सामने 7 प्वाइंट डिमांड भी रखी है। चलिए जानते हैं क्या हैं वो 7 प्वाइंट -

Kejriwal 7 Point Demand

केजरीवाल ने बजट से पहले रखी सात मांगें

  1. शिक्षा का बजट 2 पर्सेंट से बढ़ाकर 10 पर्सेंट किया जाए, पूरे देश में प्राइवेट स्कूलों की फीस पर लगाम लगाई जाए।
  2. हायर स्टडी के लिए सब्सिडी और स्कॉलरशिप दिए जाएं
  3. हेल्थ का बजट बढ़ाकर 10 पर्सेंट किया जाए और हेल्थ इंश्योरेंस से टैक्स हटाया जाए
  4. इनकम टैक्स की सीमा को 7 लाख से बढ़ाकर कम से कम 10 लाख किया जाए
  5. आवश्यक वस्तुओं (Essential commodities) के ऊपर से GST खत्म किया जाए
  6. वरिष्ठ नागरिकों के लिए मजबूत रिटायरमेंट प्लान और पेंशन की योजनाएं बनाई जाएं। देशभर में सभी सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में सीनियर सिटिजन्स और अच्छा मुफ्त इलाज दिया जाए।
  7. बुजुर्गों को रेलवे किराए में 50 फीसद छूट वापस शुरू की जाए, जो पहले दिया जाता था।

End of Feed