Delhi: पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या करके उसका शव कार में छोड़ दिया। आरोप वारदात को अंजाम देने के बाद वहां से भागने लगा, तभी पेट्रोलिंग कर रहे पुलिसकर्मी ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी बिना कमीज पहने घूम रहा था। व्यक्ति को इस हालत में देख पुलिस हेड कांस्टेबल ने उसे पकड़ा और पूछताछ में हत्या की बात का खुलासा हुआ। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
चाकू घोंपकर की पत्नी की हत्या
पुलिस ने बताया कि 21 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी पत्नी की चाकू घोंपकर हत्या की। पुलिस ने आरोपी की पहचान गौतम के रूप में की है। देर रात संदिग्ध हालत में पुलिस ने आरोपी को राजौरी गार्डन में घूमता हुए पकड़ा। पुलिस ने बताया कि रात करीब एक बजकर 20 मिनट पर आरोपी को ख्याला पुलिस थाने में तैनात हेड कांस्टेबल अजय ने पकड़ा। पूछताछ करने पर गौतम ने बताया कि उसने अपनी पत्नी मान्या (20) की हत्या करके उसका शव कार में ही छोड़ दिया है। एक अधिकारी ने बताया कि मामले की पड़ताल की गई तथा पूछताछ जारी रखी गई, जिसके बाद रघुबीर नगर निवासी गौतम ने पुलिस को बताया कि उसने मार्च में अपने परिवार की सहमति के बिना मान्या से शादी की थी।
चाकू से पत्नी पर किए कई वार
अधिकारी ने बताया कि शादी के बाद भी वे अपने-अपने परिवार के साथ ही रह रहे थे और कभी-कभार मिलते थे। रविवार रात गौतम कार में राजौरी गार्डन इलाके के तितारपुर में मान्या से मिलने आया था। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि रात करीब 11 बजे मान्या ने जोर देकर कहा कि दोनों को एक साथ रहना चाहिए और इस बात को लेकर कार में ही दोनों के बीच बहस हो गई। गौतम ने मान्या पर चाकू से कई वार किए। अधिकारी ने बताया कि जब उसे आभास हुआ कि वह मर चुकी है तो उसने कार शिवाजी कॉलेज की लाल बत्ती के पास खड़ी कर दी और भागने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया। अधिकारी ने बताया कि राजौरी गार्डन पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी ने जो भी बात बताई है, उसकी पुष्टि की जा रही है।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
