दिल्ली विधानसभा चुनाव के तहत आज दिल्ली की सभी 70 सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान हो रहा है। दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हो रहा है और हर आम व खास लोग पोलिंग स्टेशनों पर पहुंचकर मतदान कर रहे हैं। इस बीच ग्रेटर कैलाश विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली पुलिस पर मतदाताओं को रोकने का गंभीर आरोप लगाया है।
सौरभ भारद्वाज का कहना है कि ग्रामीण इलाकों में मतदाताओं को मतदान केंद्रों पर आने से रोका जा रहा है। उन्होंने चिराग दिल्ली में मीडिया को पुलिस के लगाए कई बैरिकेड दिखाए और सीधे पुलिसवालों से पूछा कि आपने यह बैरिकेड क्यों लगाए हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने यहां जबरदस्ती जाम लगा रखा है। उन्होंने पुलिस पर मतदाताओं को गुमराह करने का भी आरोप लगाया।
सौरभ भारद्वाज का कहना है कि मालवीय नगर में एसीपी और एसएचओ खुलेआम मतदाताओं को गुमराह करने का काम कर रहेह हैं। उनका आरोप है कि जिन इलाकों में आम आदमी पार्टी मजबूत है, जहां उनके वोटर ज्यादा हैं, वहां मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक पहुंचने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस के लोग चिराग दिल्ली के सभी 17-18 पोलिंग स्टेशनों पर ऐसा ही कर रहे हैं। लोग वोट डालने के लिए न तो मेट्रो से आ पा रहे हैं और न ही सड़क से।
जब पुलिस ने उन्हें बताया कि पोलिंग स्टेशन के 200 मीटर के दायरे में कोई गाड़ी नहीं आ-जा सकती है और यह चुनाव आयोग का नोटिस है तो उन्होंने इस नोटिस पर ही सवाल उठा दिए। आम आदमी पार्टी के नेता ने कहा कि अगर यह नियम है तो अमीर इलाकों में इसका पालन क्यों नहीं हो रहा। साउथ एक्स में, ग्रेटर कैलाश में इसका पालन क्यों नहीं हो रहा। उन्होंने प्रश्न किया कि भाजपा नेता विरेंद्र सचदेवा और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू वोट डालने पहुंचे तो क्या वे 200 मीटर चलकर गए? उन्हें क्यों स्कूल के गेट तक जाने दिया गया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
