दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी अब दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता होंगी। आम आदमी पार्टी के विधायकों की बैठक में आतिशी को विधानसभा के अंदर आप का नेता चुना गया। इसकी जानकारी देते हुए दिल्ली आप संयोजक गोपाल राय ने कहा कि आज की बैठक में आतिशी को विधायक दल का नेता चुना गया है। आतिशी विधानसभा में नेता विपक्ष की भुमिका निभाएंगी।
मीटिंग में कौन-कौन शामिल
आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल और पार्टी के 22 विधायक - जिनमें कालकाजी से विधायक आतिशी भी शामिल हैं - बैठक में शामिल हुए। दिल्ली विधानसभा का पहला सत्र 24 फरवरी से शुरू होगा जो तीन दिन का होगा।
आप के दिग्गज हार गए थे चुनाव
भाजपा ने पांच फरवरी को हुए विधानसभा चुनाव में 70 में से 48 सीट जीतकर आप को दिल्ली की सत्ता से बाहर कर दिया। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन समेत पार्टी के कई शीर्ष नेता भी चुनाव हार गए।
24 फरवरी से विधानसभा सत्र
बता दें, नई 70 सदस्यीय विधानसभा की पहली बैठक अध्यक्ष के चुनाव और नव नियुक्त विधायकों को शपथ दिलाने के लिए 24 फरवरी से शुरू होगी। तीन दिवसीय विशेष सत्र के दौरान कैग रिपोर्ट सदन के पटल पर रखे जाने की उम्मीद है। गांधी नगर विधायक अरविंदर सिंह लवली को दिल्ली विधानसभा का प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया गया। वहीं, तीन बार के विधायक और तीन बार पार्षद रहे विजेंद्र गुप्ता को भाजपा ने अगला विधानसभा अध्यक्ष नामित किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली मंत्रिमंडल ने अपनी पहली बैठक में विधानसभा का तीन दिवसीय सत्र 24, 25 और 27 फरवरी को बुलाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
