Delhi-NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: राजधानी दिल्ली में कई दिनों ने झमाझम बारिश से मौसम सुहावना है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को हल्की बारिश का अंदेशा जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पूरे दिन आसमान में काले बादल छाए रहेंगे। ऐसे में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। आईएमडी ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में अगस्त में 378.5 मिमी बारिश हुई, जो पिछले 12 वर्षों में शहर में हुई सर्वाधिक बारिश है। सफदरजंग वेधशाला ने गुरुवार तक 378.5 मिमी वर्षा दर्ज की, जो अगस्त 2013 में दर्ज की गई 321.4 मिमी बारिश के पिछले उच्च रिकॉर्ड से अधिक है। विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 15 वर्षों में सर्वाधिक बारिश 2010 में दर्ज की गई थी और उस दौरान शहर में 455.1 मिमी बारिश हुई थी।
दिल्ली का मौसम
यह भी पढ़ें - आज का मौसम, 30 August 2024 LIVE: यूपी-बिहार में लय में मॉनसून, दिल्ली में बारिश देती रहेगी तसल्ली
विभाग के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में अगस्त में अब तक की सर्वाधिक वर्षा 1961 में 583.3 मिमी दर्ज की गई थी। गुरुवार की सुबह की बारिश के बाद सफदरजंग वेधशाला ने 77 मिमी बारिश दर्ज की, जिससे मानसून सत्र की कुल बारिश 825.5 मिमी हो गई। यह आंकड़ा दिल्ली की वार्षिक औसत बारिश 762.3 मिमी को पहले ही पार कर चुका है।
बारिश के कारण यातायात हुआ प्रभावित
गुरुवार सुबह हुई बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव के कारण यातायात प्रभावित रहा, जिससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। कालिंदी कुंज, दिल्ली-गुरुग्राम सीमा, सराय काले खां, धौला कुआं और जीटी करनाल रोड जैसे इलाकों में एक घंटे से अधिक समय तक जाम लगा रहा। इसके अलावा दिल्ली विश्वविद्यालय के उत्तरी परिसर और पूर्वी दिल्ली के कुछ इलाकों में भी जाम की स्थिति रही। पुलिस ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कई पोस्ट में कहा कि जीटीके डिपो के पास जलभराव के कारण मुकरबा चौक से आजादपुर की ओर और इसके विपरीत जीटीके रोड के दोनों मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ है।
एनसीआर के गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और फरीदाबाद समेत अन्य इलाकों में आज बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कहीं तेज तो कहीं मध्यम बारिश हो सकती है। पिछले कई दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। सितंबर के कुछ दिन तक यहां मॉनसूनी बारिश दस्तक दे सकती है।
गुरुग्राम में बारिश से यातायात प्रभावित
उधर, हरियाणा में गुरुग्राम के कई इलाकों में कल भारी बारिश के कारण जलभराव हो गया जिससे यातायात बाधित हुआ। जलभराव के कारण व्यस्त समय के दौरान विशेषकर दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित हुआ। राजीव चौक, गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड, रेलवे रोड, सुभाष चौक, उद्योग विहार और नरसिंहपुर जैसे इलाके भी जलमग्न हो गए। सदर बाजार, गुरुद्वारा रोड और पुरानी दिल्ली रोड सहित पुराने गुरुग्राम के कुछ हिस्सों में जलभराव के कारण यातायात बाधित हो गया। स्थानीय मौसम विभाग ने बताया कि गुरुग्राम में 24 घंटे में छह मिमी बारिश हुई। दिन में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
