दिल्ली

Delhi-NCR Ka Mausam: गुलाबी ठंड में तर बतर होगा दिल्ली-एनसीआर, आंधी के साथ आएगी बारिश की बौछार; गर्मी तोड़ेगी रिकॉर्ड

Aaj Ka Mausam Kaisa Rahega 28 February 2025: दिल्ली-एनसीआर में मौसम में तब्दीली आने से आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। एनसीआर में बारिश को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। इसके अलावा दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो 74 साल में फरवरी माह में रात का सबसे अधिक तापमान रहा।

Image

दिल्ली-एनसीआर का मौसम

Delhi-NCR Aaj Ka Mausam: दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आईएमडी ने बारिश की संभावना जताई है। दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। दिल्ली, एनसीआर के कई स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। इनमें लोनी देहात, हिंडन एयरफोर्स स्टेशन, बहादुरगढ़, गाजियाबाद, छपरौला, नोएडा, दादरी, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मानेसर, बल्लभगढ़ शामिल हैं। स्काईमेट वेदर के मुताबिक, बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी के कारण आज से न्यूनतम तापमान में फिर गिरावट आने और तीन या चार मार्च तक स्थिर रहने का अनुमान है।

दिल्ली में 74 साल में फरवरी की सबसे गर्म रात

दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो 74 साल में फरवरी माह में रात का सबसे अधिक तापमान रहा। सफदरजंग मौसम केंद्र में दर्ज यह न्यूनतम तापमान (19.5) साल 1951 से 2025 के बीच की अवधि में फरवरी महीने में सबसे अधिक है। आईएमडी ने बताया कि सफदरजंग में आज 27 फरवरी 2025 को न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह 1951 से 2025 के बीच सफदरजंग में फरवरी के महीने में दर्ज किया गया अब तक का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान है, यानी 74 सालों में सबसे गर्म रात।

मौसम विभाग ने बताया कि 1951 से पहले का डेटा उपलब्ध नहीं है। पिछले रिकॉर्ड के अनुसार, फरवरी महीने में इससे पहले सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 25 फरवरी, 2015 को 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यह अब तक का दूसरा सर्वाधिक तापमान है। इसके बाद 1973 में 18.6 डिग्री सेल्सियस, 20 फरवरी 2015 को 18.5 डिग्री सेल्सियस, 1992 में 18.2 डिग्री सेल्सियस और 1988 में 18.0 डिग्री सेल्सियस है, जो पांचवां सबसे अधिक है। आईएमडी ने बताया कि दिल्ली में बृहस्पतिवार को बादल छाए रहने के कारण अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य औसत तापमान से 1.1 डिग्री कम है। इससे एक दिन पहले राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को इस मौसम का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

दिल्ली में सर्दी का मौसम खत्म

पलावत के मुताबिक, मार्च के पहले सप्ताह में नये पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे पहाड़ियों में बर्फबारी के साथ-साथ हवा के रुख में बदलाव होगा। उन्होंने बताया कि 10 मार्च के आसपास दिल्ली में सर्दी का मौसम खत्म हो जाएगा, जिसके बाद वायुमंडलीय दबाव फिर से बढ़ने लगेगा और तापमान में और गिरावट नहीं होगी।

दिल्ली में पॉल्यूशन का स्तर

सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 24 घंटे की औसत वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई। यहां शाम चार बजे एक्यूआई 215 दर्ज किया गया था। सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article