Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बारिश और बर्फबारी का असर दिल्ली के मौसम पर भी पड़ रहा है। जिससे मंगलवार को राजधानी में ठंड का एहसास बढ़ गया। तेज हवाओं के चलते तापमान में भी गिरावट हुई। साथ ही दिन में धूप की तपिश भी महसूस नहीं हुई। सर्द हवाओं के कारण लोगों को सुबह-शाम ठंड का एहसास हुआ। हालांकि आने वाले दिनों में दिल्ली में तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। जिससे गर्मी भी बढ़ने की संभावना है।
आज भी जारी रहेगा हवाओं का सिलसिला
मंगलवार की तरह आज भी दिल्ली में तेज हवाएं चलने की संभावना है। जिसकी रफ्तार 25 से 35 किमी प्रति घंटा तक रह सकती है। हवाओं की स्पीड बढ़कर 40 किमी प्रति घंटा तक भी पहुंच सकती है। राजधानी में आज भी मौसम साफ रहने के आसार हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। दिल्ली में 7 से 10 मार्च तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 से 33 डिग्री के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 12से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है।
अगले हफ्ते से बढ़ेगा तापमान
स्काईमेट के मुताबिक दिल्ली में इस हफ्ते बारिश होने के आसार नहीं है। जिससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी हो सकती है। दो से तीन दिन में राजधानी का अधिकतम तापमान फिर से 30 डिग्री के पार पहुंच सकता है। हालांकि आज तेज हवाओं के चलते मौसम में ठंडक रह सकी है। बुधवार के बाद पारा ऊपर चढ़ने के आसार हैं। अगले हफ्ते की शुरुआत में तापमान में और अधिक बढ़ोत्तरी हो सकती है।
सूरज-बादलों के बीच चली आंख-मिचौली
दिल्ली में मंगलवार को दिन में धूप निकली, लेकिन तेज हवाओं के चलते गर्मी का एहसास नहीं हुआ। दोपहर के बादल सूरज और बादलों के बीच आंख-मिचौली का खेल भी देखने को मिला। तेज हवाओं के चलते मंगलवार को राजधानी का तापमान कम हुआ। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री दर्ज हुआ, यह सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक 15.6 डिग्री सेल्सयिस रहा। इस दौरान हवा में नमी का स्तर 29 से 78 फीसदी रहा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
