Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिसंबर का महीना शुरू हो चुका है, लेकिन दिल्ली में अभी भी गुलाबी ठंड का दौर चल रहा है। यहां सुबह और शाम में ठंड महसूस हो रही है। वहीं दिन में तेज धूप निकल रही है। दिल्ली में सितंबर के पहले सप्ताह से मौसम शुष्क बना हुआ। ठंड को बढ़ाने के लिए बारिश अहम होती है। लेकिन मॉनसून के जाने के बाद से दिल्ली में अभी तक बारिश नहीं हुई। दिल्ली में फिलहाल अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार दिसंबर के पहले सप्ताह में भी तापमान सामान्य से ज्यादा बना रह सकता है।
आने वाले दिनों में दिल्ली का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज धुंध का पूर्वानुमान है। हालांकि दिन में मौसम साफ रहने के आसार है। बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 5 से 7 दिसंबर तक सुबह के समय धुंध छाए रहने के आसार हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री के बीच रह सकता है। 8 और 9 दिसंबर को सुबह कोहरा छाए रहने के आसार हैं। इस अवधि में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री तक दर्ज किया जा सकता है।
सामान्य से अधिक तापमान
दिल्ली में मंगलवार को सुबह के समय कहीं-कहीं हल्का कोहरा रहा। वहीं दिन में तेज धूप देखने को मिली। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान हवा में नमी का स्तर 62 से 96 प्रतिशत के बीच दर्ज हुआ।
प्रदूषण के स्तर में सुधार
दिल्ली में पिछले तीन दिनों से प्रदूषण में सुधार देखने को मिल रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के समीर ऐप के अनुसार आज सुबह 7 बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 217 दर्ज किया गया। इस दौरान किसी भी इलाके में एक्यूआई 300 के पार दर्ज नहीं हुआ। वहीं मंगलवार को भी एयर क्वालिटी खराब श्रेणी में दर्ज की गई। इस दौरान एक्यूआई 268 रिकॉर्ड हुआ। सोमवार को एक्यूआई 280 दर्ज किया गया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
