Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली-एनसीआर में कंपकंपी वाली ठंड दस्तक देने लगी है। सुबह और शाम के साथ ही अब दिन में भी ठंड का एहसास होने लगा है। शीतलहर चलने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। दिल्ली का तापमान लुढ़ककर 9 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट होने की संभावना है। वहीं प्रदूषण की बात करें तो राजधानी में पिछले डेढ़ महीने से प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ है। इस दौरान खराब से गंभीर श्रेणी के बीच एक्यूआई दर्ज हुआ। पिछले कुछ दिनों से एयर क्वालिटी बेहद खराब स्तर पर दर्ज की जा रही है। आज भी दिल्ली का एक्यूआई 300 पार दर्ज किया गया है।
आज दिल्ली का मौसम
दिल्ली में शुक्रवार को इस सीजन का सबसे सर्द दिन दर्ज हुआ है। इस दिन अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री दर्ज किया गया है। आज सुबह दिल्ली में धुंध और कोहरा छाए रहने की संभावना है। दिन चढ़ने के साथ ही आसमान साफ हो सकता है। रात के समय भी हल्का कोहरा और स्मॉग छाने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा सकता है।
आने वाले दिनों में दिल्ली का मौसम
आईएमडी के अनुसार दिल्ली में अगले तीन दिन 1 से 3 दिसंबर तक सुबह के समय मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। वहीं 4 और 5 दिसंबर को सुबह में कोहरा या धुंध छाने के आसार हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
5 सालों में सबसे गर्म रहा नवंबर
दिल्ली में इस साल नवंबर का महीना पिछले 5 सालों में सबसे गर्म दर्ज किया गया। आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक राजधानी में न्यूनतम तापमान में 25 नंवबर को तेज गिरावट दर्ज हुई। इस दिन पारा 14 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। जिसके बाद सर्द उत्तर-पश्चिमी हवाऔं और रात में साफ आसमान के कारण तापमान में लगातर कमी देखने को मिली। 26 नवंबर को न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री, 27 नवंबर को 10.4 डिग्री, 28 नवंबर को 10.1 डिग्री और 29 नवंबर को 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में शुक्रवार को इस सीजन में पहली बार तापमान 10 डिग्री के नीचे पहुंचा। मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह की शुरुआत में उत्तर पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। जिसी वजह से दिल्ली में तापमान में और गिरावट के आसार है। साथ ही ठंड भी बढ़ सकती है।
दिल्ली का एक्यूआई बेहद खराब स्तर पर दर्ज
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के समीर ऐप के अनुसार दिल्ली में आज सुबह 6 बजे औसत AQI 348 दर्ज किया गया। जिसे बेहद खराब श्रेणी में माना जाता है। इस दौरान 4 इलाके ऐसे रहे, जिनका एक्यूआई 400 से ज्यादा दर्ज किया गया। इन इलाकों में बवाना, जहांगीरपुरी, मुंडका और शादीपुर, शामिल हैं। राजधानी में सबसे कम एक्यूआई लोधी रोड और डीयू नॉर्थ कैंपस में रहा। यहां का एक्यूआई 300 के अंदर दर्ज किया गया। वहीं शुक्रवार शाम 4 बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 331 रहा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
