Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली में न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ही ठंड में एक बार फिर इजाफा हुआ है। राजधानी में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री और बुधवार को 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिससे सुबह-शाम में ठिठुरन का एहसास हो रहा है। हालांकि दिन में अभी भी तेज धूप निकल रही है और अधिकतम पारा 25 डिग्री के आसपास बरकरार है। जल्द ही दिल्ली का मौसम बदलने वाला है और एक बार फिर से बारिश की दस्तक होने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार 1 से 4 फरवरी के बीच दो नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से उत्तर-पश्चिम भारत में इसका प्रभाव देखने को मिलेगा। इसकी वजह से दिल्ली में भी दो दिन बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है।
आज दिल्ली में आंशिक बादल छाने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आज आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। सुबह के समय सतह पर दक्षिण-पूर्व से 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भी चलने के आसार हैं। दोपहर में हवा की गति धीरे-धीरे बढ़कर 8-10 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने सकती है। शाम और रात के समय हवा की रफ्तार में कम होकर 4 किलोमीटर प्रति घंटा से कम होने की संभावना है। सुबह के समय दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में हल्का कोहरा और धुंध छाने के आसार हैं, इस दौरान छिटपुट जगहों पर मध्यम कोहरा भी छाया रह सकता है। रात में भी धुंध और कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है।
2 फरवरी तक शुष्क रहेगा दिल्ली का मौसम
आईएमडी के अनुसार दिल्ली में 31 जनवरी से 2 फरवरी तक सुबह के समय धुंध या हल्के से मध्यम कोहरा छाने का अनुमान है। दिन में आंशिक बादल छाए रहने की भी संभावना है। जिसके बाद रात में फिर धुंध दिखाई दे सकती है। 31 जनवरी से तापमान में हल्का इजाफा होने की भी संभावना है। 31 जनवरी से 2 फरवरी तक राजधानी में अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
3 फरवरी से बदलेगा मौसम
दिल्ली के मौसम में 3 फरवरी से बदलाव होने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार 3 और 4 फरवरी को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान जताया गया है। इन दोनों दिनों में सुबह के समय हल्की धुंध और दिन में बादल छाए रहने के आसार हैं। इस दौरान 18 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार हवा चल सकती है। 3 फरवरी को दिल्ली का अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। 4 फरवरी को अधिकतम तापमान में गिरावट हो सकती है। इस दिन राजधानी में अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री के आसार रह सकता है।
बुधवार को साफ रहा मौसम
दिल्ली में बुधवार को मौसम साफ रहा और दोपहर में तेज धूप भी निकली। मौसम विभाग के अनुसार बीते दिन राजधानी में अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान आर्द्रता का स्तर 100 से 61 फीसदी के बीच रहा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
