27 May 2025 Delhi mein Aaj ka Mausam (दिल्ली में आज का मौसम): दिल्ली में शनिवार आधी रात से रविवार सुबह तक चली आंधी और बरसात की वजह से सोमवार को गर्मी कुछ कम महसूस हुई। हालांकि बादलों के बीच धूप निकली, लेकिन तपन तुलनात्मक रूप से कम रही। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक आंधी और बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन सप्ताह के अंत में फिर ऐसा मौसम लौट सकता है। सोमवार को तापमान सामान्य से काफी कम रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 5.3 डिग्री कम था।
दिल्ली में आज के मौसम की अपडेट
वहीं न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम था। हवा में नमी का स्तर 90 से 59 प्रतिशत तक दर्ज किया गया। ऐसे में आज यानी मंगलवार को राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और आंधी-तूफान की संभावना भी जताई गई है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 29 मई तक मौसम इसी तरह बना रह सकता है, जबकि 30 और 31 मई को फिर से आंधी-तूफान और बारिश का दौर लौटने की संभावना है। इस स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने दिल्ली में यलो अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में आज के मौसम का हाल
IMD पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली एनसीआर में मंगलवार को आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। कहीं-कहीं गरज के साथ बादल भी आ सकते हैं। अधिकतम तापमान 37 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहने की संभावना है। 28 और 29 मई को भी आंशिक बादल रहेंगे, लेकिन मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 37 से 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री के बीच रह सकता है। 30 मई से बारिश और आंधी का दौर शुरू होने की उम्मीद है। 30 और 31 मई को हल्की बारिश और तेज आंधी का पूर्वानुमान है, जिसमें हवाओं की गति 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इन दिनों तापमान 35 से 37 डिग्री तक रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 28 डिग्री रहने की संभावना है।
28 मई से प्री-मॉनसून गतिविधियां
स्काईमेट की रिपोर्ट के मुताबिक, मध्य राजस्थान के ऊपर इस समय एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है, जिसके चलते दिल्ली समेत एनसीआर के इलाकों में सतही हवाएं पूर्वी दिशा में बह रही हैं। इससे उमस बढ़ गई है, लेकिन तापमान सामान्य से काफी कम हुआ है, जिससे गरज-चमक की गतिविधियां फिलहाल कमजोर बनी रहेंगी। आज यानी 27 मई को यह उत्तर-पूर्व राजस्थान और हरियाणा की ओर बढ़ेगा, जिससे दिल्ली के पास एक ट्रफ बन सकती है और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना थोड़ी बढ़ जाएगी। वहीं, 28 मई से दिल्ली-एनसीआर में प्री-मॉनसून गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है, जिसमें गरज-चमक, बारिश और तेज हवाओं के साथ मौसम अधिक सक्रिय रहेगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
