Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली में हल्की बारिश के चलते उमस भरी गर्मी लोगों को सता रही है। रविवार को राजधानी और एनसीआर के शहरों में तेज हवाओं संग आंधी चली। साथ ही कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी दर्ज हुई। जिसकी वजह से उमस में भी बढ़ोत्तरी हुई। आज भी दिल्ली में हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है। लेकिन इससे उमस में राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन जोरदार बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली का मौसम
आज दिल्ली का मौसम
दिल्ली में सोमवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान तेज धूल भरी आंधी भी चल सकती है। जिसकी रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटा रहने के आसार है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
कल कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 27 अगस्त को दिल्ली-एनसीआर के कई शहरों में मौसम खराब रह सकता है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इसके बाद 28 से 30 अगस्त तक आसमान में बादलों की मौजूदगी रहेगी और हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना है। 31 अगस्त को भी हल्की फुहारें पड़ सकती हैं। दिल्ली में इस पूरे हफ्ते अधिकतम तापमान 34 डिग्री से ज्यादा नहीं होगा। वहीं न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री के आसपास रह सकता है।
इन जगहों पर हुई हल्की बारिश
दिल्ली में रविवार को सुबह से ही हल्की धूप निकली। दिन चढ़ने के साथ ही धूप तेज होती गई। बाद में आसमान में हल्के बादल छा गए और सूरज के साथ बादलों का लुका-छिपी का खेल शुरू हो गया। दोपहर में कई जगहों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। लेकिन इससे लोगों को उमस और बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को आया नगर में 17.2 मिमी, रिज में 10 मिमी, पालम में 6.6 मिमी और लोधी रोड में 0.2 मिमी बारिश हुई।
सबसे गर्म इलाका रहा लोधी रोड
रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार बीते दिन यहां का सबसे गर्म इलाका लोधी रोड रहा। जहां का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा रिज में 33.9 डिग्री, पालम में 33.7 डिग्री और आया नगर में 33.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा।
अन्य राज्यों का मौसम
दिल्ली के आसपास के राज्यों के मौसम की बता करें तो आज उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेष और राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार है। वहीं यूपी, पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा में भी हल्की बारिश हो सकती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
