Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली में बारिश के चलते मौसम सुहावना बना हुआ है। रविवार को भी कई जगहों पर बारिश देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में हल्की-फुल्की बारिश हो सकती है। जिससे मौसम भी खुशनुमा बना रहेगा। दिल्ली में इस पूरे हफ्ते बादलों की आवाजाही देखने को मिलेगी। साथ ही बारिश होने की भी संभावना बनी हुई है।
दिल्ली में आज हल्की बारिश के आसार
दिल्ली-एनसीआर में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे। साथ ही हल्की बारिश होने की भी संभावना है। सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री तक रह सकता है। दिल्ली में 10 से 12 सितंबर तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इस दौरान हल्की बारिश होने का भी अनुमान है। इसके बाद 13 और 14 सितंबर को भी गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हो सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री के आसपास रह सकता है।
रविवार को कहां-कितनी बारिश हुई
दिल्ली में रविवार को अलग-अलग हिस्सों में बारिश देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में आयानगर में 15.3 मिमी, पालम में 14 मिमी, रिज में 5 मिमी, लोदी रोड में 2.3 मिमी और सफदरजंग में 2 मिमी बारिश दर्ज हुई। दिल्ली में रविवार को सबसे अधिक तापमान आयानगर में 33 डिग्री दर्ज हुआ। इसके अलावा रिज में अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री, लोदी रोड में 30 डिग्री, सफदरजंग में 29.6 डिग्री, नरेला में 29.2 डिग्री और पालम में 28 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं सबस कम न्यूनतम तापमान रिज में 21.1 डिग्री दर्ज हुआ।
नोएडा-गाजियाबाद में बारिश की संभावना
एनसीआर के शहरों में भी रविवार को कहीं-कहीं बारिश दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे में गुरुग्राम में 21 मिमी, गाजियाबाद में 1.5 मिमी और नोएडा में 1 मिमी बारिश दर्ज हुई। मौसम विभाग के अुसार आज नोएडा और गाजियाबाद में हल्की फुल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं फरीदाबाद और गुरुग्राम में भी आज बादल छाए रहेंगे। लेकिन यहां बारिश के आसार नहीं है।
मुंबई से पहाड़ी राज्यों तक बारिश का अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर के अलावा देश के अन्य हिस्सों में भी आज बारिश की संभावना है। सोमवार को यूपी में भारी बारिश का अनुमान है। वहीं राजस्थान में कई जगहों पर तेज बारिश हो सकती है। आज मुंबई और आसपास के इलाकों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में भी भारी बारिश हो सकती है। वहीं पहाड़ी राज्यों में हिमाचल और उत्तराखंड में भी बारिश की संभावना है। साथ ही लैंड स्लाइड का भी खतरा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
