Delhi Fire: दिल्ली के पश्चिमी जिले की केशोपुर मंडी में मंगलवार देर रात करीब 12 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। आग की लपटें आसमान छूने लगीं और मंडी क्षेत्र में धुएं का घना गुबार छा गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी।
प्लास्टिक कैरेट और सब्जियां जलकर खाक
मिली जानकारी के अनुसार, मंडी में रखे प्लास्टिक के करीब 1000 कैरेट, आस-पास की रेहड़ियां और सब्जियां, आलू-प्याज समेत कई सामान आग की चपेट में आकर जल गए। प्लास्टिक के कैरेट होने के कारण आग तेजी से फैल गई और आसपास के क्षेत्र को भी अपनी लपेट में ले लिया।
दमकल की 12 गाड़ियों ने पाया काबू
सूचना मिलते ही दमकल की एक दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। इसके साथ तिलक नगर थाने की पुलिस टीम भी पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने लगातार दो घंटे तक आग बुझाने का प्रयास किया और रात करीब 2 बजे आग पर काबू पा लिया गया।
हो सकती थी बड़ी दुर्घटना
हालांकि आग इतनी भीषण थी कि अगर यह कैरेट मंडी की दुकानों के अंदर रखे होते, तो कई दुकानें इसकी चपेट में आ सकती थीं। गनीमत रही कि सभी कैरेट बाहर थे, कैरेट खुले में रखे होने से नुकसान सीमित रहा और किसी के हताहत होने की खबर नहीं आई। इस हादसे में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया है। कई छोटे व्यापारियों का सारा माल आग में खाक हो गया, जिससे मंडी में भारी नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है।
देवली गांव में भी लगी आग
बीती रात ही दिल्ली के देवली इलाके में एक बंद फैक्ट्री में आग लग गई। इस संबंध में फायर स्टेशन ऑफिसर विनय कुमार ने मीडिया से बात करते हुए जानकारी दी कि देवली गांव में लगभग 2,000 वर्ग फुट क्षेत्रफल में फैली एक बंद फैक्ट्री के अंदर लकड़ी और मलबे में आग लगी हुई थी। देखने में वह एक फर्नीचर फैक्ट्री लग रही थी। तीन दमकल गाड़ियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की। फैक्ट्री में कोई बिजली की सप्लाई नहीं थी इसलिए उन्होंने इस बात पर अंदेशा जताया कि हो सकता है किसी ने जानबूझकर आग लगाई होगी। एक और संभावना यह है कि कोई पटाखा गिर गया होगा, जिससे आग लगी होगी। गनीमत रही कि इस हादसे में भी कोई घायल नहीं हुआ।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
