मामूली विवाद ने दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना को जन्म दिया। आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन के पास दो व्यक्तियों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। ये घटना तब हुई जब गाड़ी से जा रहे युवकों को रोककर पैसे मांगने के मामले में विवाद बढ़ गया। हमलावर मौके से फरार हो गया, और पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है। इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी है। जानकारी के अनुसार,घटना उस समय हुई जब कमल, अजमल और आबिद तीनों आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन के पास से गुजर रहे थे। तभी एक व्यक्ति ने उनकी गाड़ी रोककर पैसे मांगे, जिससे विवाद शुरू हो गया।
ऐसे हुई वारदात
ये तीनों सड़क से कबाड़ इकट्ठा करके उसे बेचने का काम करते थे और इसी से अपने परिवार का खर्च चलाते थे। आबिद के अनुसार, जब वे आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन के पास कबाड़ बीनने के बाद लौट रहे थे, कमल गट्टे से भरी गाड़ी लेकर आया और अजमल और अमित को अपने साथ चलने को कहा। जब गाड़ी रेड लाइट पर रुकी, तो एक व्यक्ति कमल के पास आया और पैसे मांगने लगा। इस पर अजमल गाड़ी से नीचे उतरा और उस व्यक्ति से बात करने की कोशिश की। जैसे ही अजमल उस व्यक्ति के पास पहुंचा, उसने अजमल के सीने पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद हमलावर ने कमल पर भी चाकू से वार किया। फिर उसने आबिद की ओर रुख किया, लेकिन आबिद ने चाकू का वार अपनी हथेली पर झेल लिया और वहां से भाग निकला।
24 घंटे से आरोपी फरार
दिल्ली के आदर्श नगर थाना इलाके में हत्याकांड की वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गया। हमलावरों के चंगुल से बचकर निकले आबिद ने घटना की जानकारी पुलिस अधिकारी को दी, जिसके बाद से आबिद समेत तीनों को ही नजदीकी बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टर ने कमल और अजमल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया और परिवार को भी सूचना दे दी। इस वारदात को 24 घंटे से ज्यादा का वक्त बीत चुका है लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ आरोपी नहीं लग पाए हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
