Delhi News: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के थाना वेलकम क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां आपसी कहासुनी के बाद एक युवक ने अपने ही दोस्त पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
कबूतर मार्केट के पास हुआ विवाद
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह करीब 8:30 बजे 23 वर्षीय सूरज अपने कुछ साथियों के साथ कबूतर मार्केट, पहलवान चौक से गुजर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका अपने एक साथी से विवाद हो गया। पहले तो कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही पलों में मामला हिंसक हो गया।
दोस्त ने किया चाकू से हमला
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बहस के दौरान आरोपी ने अचानक चाकू निकाला और सूरज पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल सूरज मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना वेलकम पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सूरज को तुरंत जग प्रवेश चंद अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है, लेकिन हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
