Delhi Stone Pelting: दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर पथराव हो गया। घटना तड़के 1 बजे के बाद की है। फैज-ए-इलाही मस्जिद और रामलीला मैदान के आसपास चलाए गए इस अभियान के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक पथराव कर दिया, जिससे पांच पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हो गए। पुलिस ने स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए बल का प्रयोग किया, जिसके बाद हालात पर जल्दी ही काबू पा लिया गया। लेकिन एक बार फिर कुछ लोगों के गलियों में फिर इकट्ठा होने की कोशिश कर रही थी, जिसको पुलिस ने हल्का बल इस्तेमाल कर भीड़ को पीछे की तरफ खदेड़ दिया है।
पुलिस पर पथराव का स्क्रीनग्रैब
10 आरोपी हिरासत में
बता दें कि मस्जिद के पास ही एक बारात घर के अवैध हिस्से को हटाने टीमें पहुंची थीं, जिस दौरान यह बवाल हुआ। घटना के बाद DCP निधिन वलसन ने कहा था कि जैसे ही हमें CCTV कैमरा फुटेज, ग्राउंड फुटेज और बॉडी कैमरा फुटेज मिलेगा, हम बदमाशों की पहचान करेंगे और कानूनी कार्रवाई करेंगे। मामले में पुलिस ने अब कार्रवाई शुरू कर दी है। दिल्ली पुलिस ने अभी तक 10 के करीब लोगों को हिरासत में लिया है और बवाल को लेकर अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है।
अतिक्रमण हटाने का काम हुआ पूरा
MCD के डिप्टी कमिश्नर विवेक अग्रवाल ने बताया कि अतिक्रमण हटाने का काम लगभग पूरा हो चुका है। 36400 स्क्वायर फीट का इलाका था जिस पर अतिक्रमण था, जहां पर डायग्नोस्टिक सेंटर, बारात घर और कुछ अन्य कंस्ट्रक्शन थे जिसको आज ढहाया गया है। इरशाद यहां पर लोकल नारियल पानी बेचने वाले शख्स हैं, जिनका कहना है कि यह कार्रवाई बिल्कुल ठीक हुई है इसके लिए वह मोदी और रेखा गुप्ता की तारीफ करते हुए नजर आ रहे हैं। इरशाद का कहना है कि यह जो जगह है यहां पर अवैध रूप से जो बैंक्विट हॉल चल रहा था उसमें गरीब लोगों से भी काफी मोटी रकम लेकर ही कार्यक्रम करने दिया जाता था।
आरोपियों की पहचान की तैयारी
दिल्ली पुलिस फैज ए इलाही मस्जिद के बाहर हुई पत्थरबाजी मामले में आरोपियों की पहचान करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए उन पुलिसकर्मियों के बॉडी कैम फुटेज और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जाएगी, जिन्होंने घटना के दौरान बॉडी कैम लगाए हुए थे। अधिकारियों के अनुसार, फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की जाएगी, ताकि दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जा सके।
