Delhi Building Collapse: आरोपी PG मालिक हरिराम बंसल के खिलाफ 'लुक आउट नोटिस' जारी, मामला पहुंचा दिल्ली हाई कोर्ट

Delhi Building Collapse: दिल्ली के सत्य निकेतन में 5 मंजिला इमारत ढहने के मामले में दिल्ली पुलिस ने फरार पीजी मालिक हरिराम बंसल के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी कर दिया है। आरोपी के पासपोर्ट की कॉपी भी पुलिस ने जब्त कर ली है।

Delhi Building Collapse: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में 5 मंजिला जर्जर इमारत ढहने और 6 लोगों की दर्दनाक मौत के मामले में दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और पीजी मालिक हरिराम बंसल के खिलाफ 'लुक आउट नोटिस' जारी कर दिया है। आरोपी घटना के बाद से ही लगातार फरार चल रहा है और पुलिस की कई टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। जांच के दौरान दिल्ली पुलिस ने आरोपी के पासपोर्ट की कॉपी भी हासिल कर ली है। दूसरी ओर मामला अब दिल्ली उच्च न्यायालय पहुंच गया है। हादसे की निष्पक्ष जांच और अवैध निर्माणों पर जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर हाई कोर्ट में एक जनहित याचिका (PIL) दाखिल की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने याचिका पर आज ही सुनवाई करने का आश्वासन दिया है।

delhi building collapse

दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में गिरी है इमारत

देश छोड़कर भागने की कोशिश पर कसा शिकंजा

हादसे के बाद से फरार चल रहे आरोपी पीजी मालिक हरिराम बंसल के देश छोड़कर भागने की आशंका को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने उसके खिलाफ 'लुक आउट नोटिस' जारी कर दिया है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी के पासपोर्ट की प्रति हासिल कर ली है और देश के सभी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों और एग्जिट पॉइंट्स को अलर्ट पर रखा गया है। आरोपी 'Hostel Daze' नाम से बॉयज पीजी चला रहा था और MCD द्वारा इमारत को जर्जर व खतरनाक घोषित करने के बावजूद बेसमेंट में अवैध निर्माण का काम करवा रहा था। दिल्ली पुलिस की कई विशेष टीमें आरोपी हरिराम बंसल और हादसे से जुड़े ठेकेदार की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली-NCR में संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

End of Feed