शहर

दिल्ली के उत्तम नगर में राजस्थान पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, अवैध कॉल सेंटर पर छापा; 80-90 लोग हिरासत में

दिल्ली के उत्तम नगर में राजस्थान पुलिस ने क्रेडिट कार्ड धोखाधड़ी मामले में अवैध कॉल सेंटर पर छापा मारकर 80 से 90 लोगों को हिरासत में लिया। महिला द्वारा संचालित इस सेंटर के बाहर परिजनों ने भारी हंगामा किया।

Image

बसों में भरकर ले जाए गए 90 लोग

Photo : Times Now Digital

Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में राजस्थान पुलिस की एक अचानक और बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया। राजस्थान पुलिस की एक विशेष टीम, जिसमें बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं, बसों में सवार होकर उत्तम नगर पहुंची और एक कथित अवैध कॉल सेंटर पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सर्जिकल स्ट्राइक जैसी कार्रवाई के दौरान कॉल सेंटर में काम कर रहे 80 से 90 महिला और पुरुषों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने मौके से कई लैपटॉप, कंप्यूटर और दस्तावेज जब्त कर पूरे नेटवर्क की गहन जांच शुरू कर दी है।

क्रेडिट कार्ड के नाम पर करोड़ों का फर्जीवाड़ा

राजस्थान पुलिस के रडार पर यह कॉल सेंटर एक बड़ी साइबर धोखाधड़ी के मामले में आया था। बताया जा रहा है कि एक प्रतिष्ठित बैंक की ओर से दर्ज कराई गई धोखाधड़ी की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस फर्जी कॉल सेंटर के जरिए भोले-भाले लोगों को क्रेडिट कार्ड से जुड़े लुभावने ऑफर और फर्जी कॉल्स करके करोड़ों रुपये का चूना लगाया जा रहा था। सूत्रों के अनुसार, इस बड़े नेटवर्क को एक महिला संचालित कर रही थी। पुलिस फिलहाल इस बात की जांच कर रही है कि इस सिंडिकेट का मास्टरमाइंड कौन है और ठगी का यह पूरा तंत्र कैसे काम कर रहा था।

बसों में भरकर ले जाए गए हिरासत में लिए गए लोग

जैसे ही राजस्थान पुलिस द्वारा दर्जनों कर्मचारियों को बसों में बैठाकर ले जाने की खबर फैली, मौके पर हिरासत में लिए गए लोगों के परिजन और परिचित जुटने लगे। परिजनों ने पुलिस कार्रवाई का जोरदार विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। काफी देर तक सड़क और कॉल सेंटर परिसर के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article