Delhi Building Fire: दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में बुधवार शाम एक इमारत में भीषण आग लग गई। जिसमें दो लोगों की जलने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जिसके बाद बिल्डिंग की चौथी मंजिल से दो जले हुए शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान और आग लगने के कारणों की जांच जारी है।
सांकेतिक फोटो
न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि बुधवार शाम करीब 4:38 बजे सूचना मिली कि पहाड़गंज इलाके में एक इमारत की चौथी मंजिल पर बने एक खिलौना गोदाम में आग लगी है। जिसके बाद दिल्ली फायर सर्विस की 25 गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। आग इतनी भीषण थी कि दो लोगों को बाहर निकलने का मौका भी मिले, जिससे उनकी जलने से मौत हो गई। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण घंटों की मशक्कत के बाद रात को लगभग 3 बजकर 20 मिनट पर आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
इमारत की चौथी मंजिल पर लगी आग
जानकारी के अनुसार इमारत में ग्राउंड फ्लोर के अलावा ऊपर चार मंजिलें हैं। जहां चौथी मंजिल पर एक अस्थायी ढांचा बनाया गया था, जिसमें खिलौनों का गोदाम चलाया जा रहा था। आग लगने के बाद लपटें तेजी से फैली, जिस कारण दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में कई घंटे लग गए। आग बुझाने के बाद मलबे की तलाशी ली गई। जिसमें गोदाम से दो जले हुए शव बरामद हुए। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।
आग के कारणों की जांच जारी
दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया कि अभी आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर जांच कर रही है। विस्तृत जांच के बाद ही घटना की अधिक जानकारी पता चल सकेगी।
