Delhi Slum Fire: दिल्ली के रिठाला इलाके में गुरुवार तड़के झुग्गी बस्ती में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। जिसमें करीब 50 झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की करीब 16 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने में जुट गईं। फिलहाल इस हादसे में किसी जनहानि की कोई सूचना नहीं है।
एक लड़की के लापता होने की सूचना
अधिकारी के अनुसार आग की सूचना पर दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) ने बचाव अभियान चलाया। झुग्गियों में तेजी से फैल रही आग पर काबू पाने के लिए करीब 16 दमकल गाड़ियां तैनात की गईं। इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, सूत्रों के अनुसार, आग लगने के बाद से एक लड़की के लापता होने की सूचना है। जिसकी तलाश के प्रयास जारी हैं। अभी आग लगने के सटीक कारण का पता नहीं चल पाया है। जिसके लिए जांच जारी है।
डीएफएस के अनुसार, झुग्गी बस्ती में आग लगने की सूचना गुरुवार तड़के करीब सवा चार बजे मिली थी। एक दमकल अधिकारी ने कहा, ’’आग की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग ने कई झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया।’’ प्रारंभिक जानकारी से पता चलता है कि इलाके में 50 से अधिक झुग्गियां थीं, जिनमें से कई आग में जलकर खाक हो गईं। दमकलकर्मियों और स्थानीय पुलिसकर्मियों ने बचाव अभियान चलाया और सुबह साढ़े छह बजे तक आग पर काबू पा लिया गया।
पहाड़गंज में इमारत की चौथी मंजिल पर लगी आग
बुधवार को दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में एक इमारत की चौथी मंजिल पर बने खिलौना गोदाम में आग लग गई थी। जिसमें आग की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। मलबे से उनके शव बरामद किए गए हैं। आग भीषण होने के कारण दमकल की टीम को आग को पूरी तरह बुझाने में कई घंटे लग गए। लेकिन अभी तक आग लगने की वजह पता नहीं चल सकी है। मामले में जांच जारी है।
(इनपुट - भाषा)
