Mumbai Traffic Advisory: मुंबई में गुरुवार को होने वाले भारत-इंग्लैंड T20 सेमीफाइनल मैच में बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के आने की संभावना है। जिसे देखते हुए मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने एक विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। यह मैच आज शाम 7 बजे वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि दर्शकों के लिए शाम 4 बजे से ही एंट्री गेट खोल दिए जाएंगे। मैच के कारण मरीन ड्राइव और आसपास के इलाकों में भारी ट्रैफिक जाम होने की आशंका जताई गई है।
इन रास्तों का करें इस्तेमाल
ट्रैफिक पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लोगों से अपील की है कि वे जाम से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। साथ ही यात्रा की योजना पहले से बनाने की भी सलाह दी गई है। अधिकारियों ने दर्शकों के लिए पश्चिमी रेलवे सेवाओं के जरिए चर्चगेट और मरीन लाइंस रेलवे स्टेशन का इस्तेमाल करने को कहा है। इसके अलावा लोग चर्चगेट स्टेशन जाने के लिए मुंबई मेट्रो लाइन-3 (एक्वा लाइन) से भी जा सकते हैं। दर्शकों को निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। इसके अलावा गेटवार एडवाइजरी भी जारी की गई है।
गेटवार एडवाइजरी
- गेट नंबर 1 और 7 के टिकट वाले दर्शकों को चर्चगेट रेलवे स्टेशन या चर्चगेट मेट्रो स्टेशन से ई रोड के रास्ते स्टेडियम पहुंचें।
- गेट 3 और 4 के दर्शक मरीन लाइंस रेलवे स्टेशन और महार्षि कर्वे रोड स्थित रूपकला शोरूम के पास फुटओवर ब्रिज का इस्तेमाल कर सकते हैं।
- गेट 5 और 6 के लिए दर्शक चर्चगेट स्टेशन या मेट्रो स्टेशन से आयकर कार्यालय के सामने स्थित फुटओवर ब्रिज का इस्तेमाल कर सकते हैं।
अतिरिक्त पुलिस बल मरीन ड्राइव के आसपास तैनात
ट्रैफिक विभाग ने कहा है कि मैच के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए आम जनता का सहयोग बेहद जरूरी है। इसके अलावा आज सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मैच के दिन मरीन ड्राइव और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल ड्यूटी पर तैनात रहेगी।
