Delhi News: दिल्ली मेट्रो राजधानी दिल्ली की लाइफलाइन है। दिल्ली के किसी भी कोने में जाना हो तो मेट्रो से ज्यादा सुविधानजक और फास्ट सर्विस उपलब्ध नहीं है। आपकी इसी सुविधा को और बढ़ाने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (DMRC) ने आज एक और कॉरिडोर पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया है।
DMRC ने आज यानी शुक्रवार 12 दिसंबर को फेज-IV के साकेत जी ब्लॉक-लाजपत नगर कॉरिडोर पर निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी है। यह फेज-IV की प्राथमिक कॉरिडोरों के बाद का पहला नया खंड है, जहां भौतिक कार्य शुरू हो गया है। लाजपत नगर से साकेत जी ब्लॉक कॉरिडोर (गोल्डन लाइन-11) पर पहला टेस्ट पाइल और भूमिपूजन समारोह साकेत के पास पुष्पा भवन के निकट आयोजित किया गया।
इस मौके पर डॉ. विकास कुमार, प्रबंध निदेशक, डीएमआरसी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। इस एलिवेटेड कॉरिडोर में कुल 08 मेट्रो स्टेशन शामिल होंगे, जिनमें लाजपत नगर, एंड्रूज गंज, जीके-1, चिराग दिल्ली, पुष्पा भवन, साकेत डिस्ट्रिक्ट सेंटर, पुष्प विहार और साकेत जी ब्लॉक शामिल हैं।
ये भी पढ़ें - दिल्ली का सबसे बड़ा मॉल कहां है, नाम क्या है?
गोल्डन लाइन कॉरिडोर दक्षिण दिल्ली में कनेक्टिविटी बढ़ाने और मौजूदा मेट्रो लाइनों के साथ कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तैयार किया जा रहा है। यह कॉरिडोर लाखों यात्रियों की यात्रा को आसान बनाएगा और शहर के सतत परिवहन ढांचे को मजबूती भी देगा।
दक्षिण दिल्ली के VIP इलाके जैसे ग्रेटर कैलाश-1, साकेत, ग्रेटर कैलाश और पुष्प विहार इस कॉरिडोर से लाभान्वित होंगे। यह मौजूदा मैजेंटा लाइन से चिराग दिल्ली पर और वायलेट व पिंक लाइनों से लाजपत नगर पर सहज रूप से जुड़ जाएगा, जिससे लाजपत नगर एक प्रमुख इंटरचेंज हब के रूप में विकसित होगा।
