दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तम नगर इलाके से 2040 रोल सिंथेटिक चाइनीज मांझा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मांझे का सप्लायर भी शामिल है। पुलिस का कहना है कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से कई लोगों और पक्षियों की जान बच सकती थी, क्योंकि हर साल चाइनीज मांझे की वजह से हादसे और गंभीर चोटों के मामले बढ़ते जा रहे हैं।
चाइनीज मांझे पर क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई। istock
दुकान में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा छिपाकर रखा गया
डीसीपी क्राइम-1 संजीव कुमार यादव के मुताबिक, क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि उत्तम नगर के हनुमान मार्केट स्थित एक दुकान में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा छिपाकर रखा गया है। इसके बाद पुलिस ने छापा मारकर 34 कार्टन बरामद किए। हर कार्टन में 60 रोल चाइनीज मांझे के रखे थे। मौके से दुकान मालिक शैंकी सिंघल उर्फ कालू को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में शैंकी सिंघल ने खुलासा किया कि उसने स्वतंत्रता दिवस के दौरान पतंगबाजी सीजन में ज्यादा मुनाफा कमाने के लिए व्हाट्सएप के जरिए उत्तम नगर के पतंग कारोबारी मनमोहन से यह प्रतिबंधित मांझा खरीदा था। इसके बाद पुलिस ने मनमोहन को भी गिरफ्तार कर लिया। मनमोहन ने बताया कि वह अपने परिवार का थोक पतंग कारोबार संभालता है और ज्यादा मांग होने की वजह से उसने चाइनीज मांझा मंगवाया था।
पहले भी एक केस में आरोपी रह चुका है मनमोहन
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी शैंकी सिंघल पहले भी साल 2018 में दर्ज एक मामले में शामिल रह चुका है। वहीं दूसरा आरोपी मनमोहन भी पहले एक केस में आरोपी रह चुका है। दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का इस्तेमाल न करें, क्योंकि यह दोपहिया वाहन चालकों, बच्चों और पक्षियों के लिए बेहद खतरनाक साबित होता है। मामले में आगे की जांच जारी है।
