Delhi News: दिल्ली में इंडिया गेट सर्कल के पास एक कार चालक द्वारा पुलिस कांस्टेबल को गाड़ी के बोनट पर घसीटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने जब लापरवाही से चलाई जा रही कार को रोकने की कोशिश की, तो चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। इस दौरान कांस्टेबल कार के बोनट पर घिसटते रहे। घटना में उन्हें चोटें आई हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
कांस्टेबल को दाएं हाथ और बाईं हथेली पर चोटें आईं
पुराना किला रोड पर हुई घटना
मामला पुराना किला रोड पर पॉइंट नंबर 23 के पास का है, जो कोस्ट गार्ड मुख्यालय के नजदीक स्थित है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान सत्यजीत कुमार के रूप में हुई है। घटना के समय कांस्टेबल लेखराज ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान उनकी नजर ग्रे रंग की एक कार पर पड़ी, जिसे लापरवाही से चलाया जा रहा था। FIR में दर्ज विवरण के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने कार चालक को रोकने की कोशिश की। हालांकि, आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। इससे कांस्टेबल लेखराज कार के बोनट पर आ गए और गाड़ी के साथ घिसटते चले गए।
डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग की तरफ भागा चालक
आरोप है कि कार चालक इसके बाद वाहन लेकर डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग की दिशा में भागने लगा। इसी दौरान कांस्टेबल बोनट से नीचे गिर गए। घटना में उनके दाएं हाथ और बाईं हथेली पर चोटें आईं। घायल पुलिसकर्मी को लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज (LHMC) अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया।
BNS की इन धाराओं में दर्ज हुई FIR
इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 121(1), 221, 132 और 109(1) के तहत FIR दर्ज की है। मामला पुलिसकर्मी को ड्यूटी के दौरान चोट पहुंचने और वाहन लेकर भागने के आरोपों से जुड़ा है। फिलहाल, घटना से संबंधित आगे की कानूनी कार्रवाई मामले में दर्ज तथ्यों और जांच के आधार पर की जाएगी।
