शहर

Delhi News: ‘बैड अंकल’ देता था चॉकलेट, फिर करता था घिनौनी हरकत; दिल्ली के स्कूल में 3 साल की बच्ची से यौन शोषण

Delhi News: दिल्ली में एक बस ड्राइवर की घिनौनी करतूत सामने आई है। बस ड्राइवर बच्ची को चॉकलेट देने के बहाने सीढ़ियों के नीचे ले जाता और फिर उसका वहां यौन शोषण करता।

Image

दिल्ली के स्कूल में 3 साल की बच्ची के साथ यौन शोषण (प्रतीकात्मक फोटो- Canva)

Delhi News: दिल्ली के बवाना स्थित एक प्रतिष्ठित निजी स्कूल में 3 साल की नर्सरी छात्रा के साथ यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। इस घिनौनी वारदात का आरोप स्कूल बस के ड्राइवर विकास पर लगा है, जिसे पुलिस ने पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया है।

चोट के निशान और चॉकलेट के लालच से हुआ खुलासा

घटना का खुलासा 19 अगस्त की रात को हुआ, जब परिजनों ने बच्ची के शरीर और निजी अंगों पर चोट के निशान देखे। मां ने जब प्यार से पूछताछ की तो 3 साल की बच्ची ने स्कूल के एक "बैड अंकल" का जिक्र किया, जो उसे अक्सर चॉकलेट दिया करता था। बच्ची आरोपी का नाम नहीं जानती थी, जिसके बाद परिजनों ने तुरंत स्कूल प्रशासन से संपर्क किया। 24 अगस्त को स्कूल में बच्ची को विभिन्न कर्मचारियों की तस्वीरें और सीसीटीवी (CCTV) फुटेज दिखाई गईं, जिसमें से मासूम ने आरोपी ड्राइवर विकास की पहचान की।

सीढ़ियों के नीचे वारदात को अंजाम देता था आरोपी

पहचान होते ही पुलिस को सूचित किया गया और बवाना थाना पुलिस ने आरोपी को स्कूल परिसर से ही धर दबोचा। आरोपी विकास पिछले आठ महीनों से स्कूल बस ड्राइवर के रूप में काम कर रहा था। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को अपनी जेब में चॉकलेट रखकर घूमते हुए देखा गया है। आरोपी बच्ची का बाथरूम जाते समय पीछा करता था, उसे चॉकलेट का लालच देता था और सीढ़ियों के नीचे ले जाकर उसके साथ यौन शोषण करता था। शुरुआती जांच के मुताबिक आरोपी ने मासूम के साथ कम से कम चार बार यौन शोषण किया।

आरोपी के फोन से मिले बच्चों के संदिग्ध वीडियो

पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है, जिसकी जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। आरोपी के फोन से छोटे बच्चों को चॉकलेट खिलाते हुए कई वीडियो बरामद हुए हैं। पुलिस अब वीडियो में दिख रहे अन्य बच्चों की पहचान करने और उनकी काउंसलिंग कराने में जुटी है। पुलिस ने स्कूल परिसर के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस घटना ने एक बार फिर निजी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और कर्मचारियों के पुलिस वेरिफिकेशन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Mohit Om
मोहित ओमauthor

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैनी निगाह रखता हूँ।

और पढ़ें
End of Article