Delhi-NCR Weather Updates: दिल्ली वासियों की सोमवार की मॉर्निंग गुड रही। सावन के पहले दिन सोमवार को कई इलाके में बारिश हुई। लाल किले, चांदनी चौक समेत कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। इसके अलावा अन्य स्थानों पर भी हल्की से भारी बारिश दर्ज की गई। कल तक दिल्ली में उमस पड़ रही थी, लेकिन आज करीब पूरे दिल्ली का मौसम सुहाना हो गया है। इसी बीच, आईएमडी ने मौसम को लेकर बड़ा अपडेट दिया है, जिसमें बताया गया है कि दिल्ली एनसीआर में आने वाले दिनों में मौसम कैसा रहने वाला है।
दिल्ली में बारिश।
दिल्ली के कई हिस्सों में बारिश
दिल्ली में आज कई हिस्सों में बारिश हुई। इस दौरान उमस भरे मौसम से काफी राहत मिली। इससे पहले सोमवार सुबह मौसम विभाग ने कहा कि पूरे दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश, हल्की गरज-चमक की संभावना है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
दिल्ली में तापमान गिरा
इसके अलावा बारिश होने की वजह से दिल्ली के तापमान में कमी आई और न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, ये सामान्य से दो डिग्री अधिक है। बताया गया कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रह सकता है।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में सुहाने मौसम के बीच आईएमडी ने बताया है कि दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक झमाझम बारिश हो सकती है, जिससे मौसम सुहाना बना रहेगा। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में 22 जुलाई से 26 जुलाई तक मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में गरज के साथ बारिश की संभावना है। इस दौरान लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
दिल्ली मौसम की जानकारी।
दिल्ली में कल का मौसम
आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में कल का मौसम भी अच्छा रहने वाला है। यानी कि बारिश का दौर जारी रहने वाला है। बताया गया कि दिल्ली में मंगलवार को भी बारिश होगी और दिन भर आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान अलग-अलग हिस्सों में रुक रुककर बारिश होगी।
