Delhi NCR Weather: दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को हुई भारी बारिश के कारण गर्मी और उमस से राहत तो मिली लेकिन कई इलाकों में जलभराव होने के साथ यातायात प्रभावित हुआ। वहीं मौसम विभाग के अभी हालिया अनुमान के मुताबिक मौसम का ऐसा असर देर रात तक बने रहने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से सक्रिय भारी बारिश वाले बादलों का प्रभाव दिल्ली, फरीदाबाद, गुरुग्राम, नोएडा और गाजियाबाद समेत एनसीआर के कई हिस्सों में देखा जा रहा है। इन इलाकों में मध्यम से भारी बारिश का दौर रात करीब 9 बजे तक जारी रह सकता है, जिसके बाद बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आने की उम्मीद है।
दिल्ली NCR वेदर अलर्ट
100 मिमी से अधिक बारिश दर्ज
हालांकि, आधी रात तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। फिलहाल मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। बताया गया है कि एनसीआर के कई क्षेत्रों में पहले ही 100 मिमी से अधिक बारिश दर्ज हो चुकी है, जबकि अगले कुछ घंटों में कुछ इलाकों में 150 मिमी से ज्यादा और चुनिंदा स्थानों पर आधी रात तक करीब 200 मिमी तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।
काफी असाधारण है बारिश का यह दौर
लगातार बारिश के कारण दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति गंभीर बनी हुई है और रात में परेशानी बढ़ सकती है। इस वेदर अपडेट के बाद से लोगों को बेहद जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने और यात्रा से पहले मौसम एवं सड़क की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है। मौसम का यह दौर दिल्ली-एनसीआर के लिए मानसून के लिहाज से काफी असाधारण माना जा रहा है और अगले दो दिनों में हुई बारिश क्षेत्र में अब तक की बारिश की कमी को काफी हद तक पूरा कर सकती है।
दिल्ली के इन इलाकों में रहा यातायात प्रभावित
बता दें कि बारिश के कारण राजधानी के महरौली-बदरपुर मार्ग, आईटीओ, वजीराबाद मार्ग, पटेल मार्ग, रोहतक मार्ग, शंकर मार्ग, कीर्ति नगर मार्ग, दिल्ली-जयपुर राजमार्ग, पीरागढ़ी और शाहीन बाग मार्गों पर यातायात जाम रहा। इसके अलावा जीटी मार्ग, जीटीबी एन्क्लेव और दिलशाद गार्डन सहित पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में भी यातायात प्रभावित रहा। IMD के अनुसार, शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक सफदरजंग मौसम केंद्र में 59.2 मिलीमीटर (मिमी) बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा लोधी मार्ग में 60.4 मिमी, रिज क्षेत्र में 57 मिमी, आयानगर में 26.2 मिमी और पालम में 16.9 मिमी बारिश हुई।
और कहां-कहां रहेगा अलर्ट?
वहीं उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम को लेकर मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के अलावा कई इलाकों में बारिश की चेतावनी जारी की है। उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों के साथ-साथ पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है और येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पूर्वी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इसके अलावा आज उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ इलाकों में तेज बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान पूर्वी भारत के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हो सकता है। इसके प्रभाव से गंगीय पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
