Delhi Murder Case: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जहां एक 21 वर्षीय युवक पर थाने के ठीक सामने स्थित सेंट्रल पार्क में चाकू से जानलेवा हमला किया गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की पहचान 21 वर्षीय सुभान के रूप में हुई है। इस हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
दिल्ली में 21 वर्षीय युवक की पार्क में हत्या
थाने के करीब हुई चाकूबाजी की वारदात
जानकारी के मुताबिक, वारदात सीलमपुर थाने से महज कुछ मीटर की दूरी पर स्थित सेंट्रल पार्क में हुई थी। युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। बाद में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
क्राइम ब्रांच और FSL ने जुटाए साक्ष्य
घटनास्थल पर क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी पहुंचकर सबूत जुटाए। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए जांच में जुटी है। सुभान की मौत के बाद उसके परिवार में मातम पसरा है। वहीं, थाने के बेहद करीब हुई इस वारदात ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर भी घटना को लेकर चिंता का माहौल है।
यमुनापार में बढ़ती वारदातों से चिंता
यमुनापार इलाके में पिछले कुछ दिनों से गोलीबारी और चाकूबाजी की घटनाएं सामने आने के बीच इस वारदात ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस थाने के पास हुई घटना के बाद लोगों की सुरक्षा और ऐसी वारदातों पर लगाम लगाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
