Delhi Mumbai Expressway Accident: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक बार फिर हादसे की छाया मंडराई। इंदौर से दिल्ली जा रही एक तेज रफ्तार स्लीपर बस, राजगढ़ थाना क्षेत्र के पिनान इंटरचेंज (चैनल नंबर 100) के पास आगे चल रहे केमिकल से भरे टैंकर में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
हादसे में क्षतिग्रस्त बस
एक झपकी और सब खत्म
हादसे का कारण ड्राइवर को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है। चश्मदीदों और घायल यात्रियों के अनुसार, चालक को नींद आ रही थी और यात्रियों ने उसे बस रोकने की सलाह भी दी थी, लेकिन वह नहीं माना। जिसके थोड़ी ही देर बाद बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे टैंकर से टकरा गई। इस हादसे में बस चालक, उसकी पत्नी, रीना यादव और उनके मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।
2 घंटे बाद पहुंची पुलिस
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई। करीब 30 से ज्यादा यात्री बस के अंदर बुरी तरह फंस गए और घायल अवस्था में मदद का इंतजार करते रहे। यात्रियों ने आरोप लगाया कि पुलिस हादसे के करीब 2 घंटे बाद मौके पर पहुंची, जिससे स्थानीय लोगों और घायलों में भारी आक्रोश देखा गया। हालांकि, NHAI की पेट्रोलिंग टीम और एंबुलेंस ने क्रेन की मदद से बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला और पिनान के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
एक्सप्रेसवे पर लगा लंबा जाम
टक्कर के बाद एक्सप्रेसवे की एक लेन पूरी तरह बंद हो गई, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाकर यातायात सुचारू कराया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की जांच जारी है।
