Delhi-Meerut Namo Bharat: कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने एक बड़ा फैसला लिया है। मंगलवार को निगम ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रियों की संभावित वृद्धि के मद्देनजर दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर 30 जुलाई से नमो भारत प्रतिदिन 52 अतिरिक्त फेरे लगाएगी। इसके साथ ही नमो भारत ट्रेन अब हर आठ मिनट के अंतराल पर उपलब्ध होंगी। एनसीआरटीसी ने एक बयान में बताया कि वर्तमान में नमो भारत ट्रेनें 10 मिनट के अंतराल पर चलती हैं।
कांवड़ यात्रा के बीच दिल्ली-मेरठ के यात्रियों को बड़ी राहत!
सराय काले खां से मोदीपुरम के बीच ट्रेनों के 52 अतिरिक्त फेरे
आधिकारिक बयान में कहां गया है कि, 30 जुलाई से 14 अगस्त तक सराय काले खां से मोदीपुरम के बीच ट्रेनें 52 अतिरिक्त फेरे लगाएंगी। परिवहन निगम ने बताया कि जरूरत पड़ने पर ट्रेनों की आवृत्ति और बढ़ाई जा सकती है। जानकारी के अनुसार, दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर वर्तमान में प्रतिदिन औसतन करीब एक लाख यात्री सफर कर रहे हैं और कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रियों की संख्या में संभावित बढ़ोतरी को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है। कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेनों के अलावा मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच मेरठ मेट्रो सेवा भी उपलब्ध है, जिससे शहर के अंदर यात्रियों की आवाजाही आसान हो रही है।
इसे भी टाइम्स नाउ नवभारत पर पढ़ें- Kanwar Yatra 2026: मेरठ में 12 अगस्त तक ट्रैफिक का बड़ा बदलाव, भारी वाहनों पर रोक; 25 हजार पुलिसकर्मी और AI सिस्टम से करेंगे हर पल निगरानी
कांवड़ यात्रा के दौरान कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू
एनसीआरटीसी ने आगे बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू होने और कुछ स्थानों पर सड़कें बंद रहने से सड़क परिवहन प्रभावित होता है। निगम के मुताबिक, ऐसे में नमो भारत सेवा तेज, समयबद्ध और विश्वसनीय सार्वजनिक परिवहन विकल्प उपलब्ध कराएगी, जिससे दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और कार्यालय जाने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। निगम ने यह भी बताया कि सड़क बंद होने की स्थिति में कुछ नमो भारत स्टेशनों पर सीमित अवधि के लिए पार्किंग सुविधा प्रभावित हो सकती है, ऐसी स्थिति में यात्रियों को समय रहते इसकी जानकारी दी जाएगी।
