दिल्ली में आज का मौसम (27 Feb 2026): दिल्ली-एनसीआर में फरवरी माह में ही अप्रैल की चुभने वाली गर्मी का एहसास होने लगा है। दिन में धूप की तपिश इस कदर बढ़ गई है कि ज्यादा देर बाहर खड़े होना भी मुश्किल है। हालांकि सुबह और रात के समय मौसम में हल्की ठंडक का एहसास बना हुआ है। जिससे इस दौरान गर्मी से राहत है। इस बार समय से पहले ही गर्मी ने दस्तक दे दी है। तापमान भी 30 डिग्री के पार पहुंच गया है। गुरुवार को दिनभर तेज धूप के कारण गर्मी का एहसास बना रहा है। हालांकि धूप के साथ ही दिन में हवा भी चलती रही, जिससे मौसम थोड़ा खुशनुमा भी रहा। गुरुवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आज दिल्ली का मौसम
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली में मौसम साफ रहने की संभावना है। धूप भी सुबह से ही खिली रहेगी। दिन में आंशिक तौर पर बादल छाए रहने के भी आसार हैं। सुबह के समय धुंध का असर कई इलाकों में देखने को मिल सकता है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया जा सकता है। एनसीआर के शहरों में भी आज मौसम साफ बने रहने की संभावना है। दिन में तेज धूप के कारण हल्की गर्मी भी महसूस हो सकती है।
दिल्ली-NCR में अगले 5 दिन मौसम का हाल
IMD के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक मौसम अधिकतर साफ ही बने रहने का अनुमान है। सुबह के समय कहीं-कहीं धुंध भी छाई रह सकती है। अगले 4-5 दिनों में तापमान में भी कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। 28 फरवरी से 4 मार्च तक दिल्ली का अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान भी 15 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। 27 फरवरी को राजधानी में उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम दिशाओं से हवाएं चल सकती हैं। जिसकी रफ्तार 5 से 15 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। 28 से 3 मार्च तक हवाओं की रफ्तार 5 से 25 किमी प्रति घंटे के बीच बने रहने का अनुमान है।
