यूपी में आज का मौसम (27 Feb 2026): उत्तर प्रदेश में फरवरी माह में ही गर्मी सताने लगी है। अभी से ही मार्च-अप्रैल जैसे गर्म मौसम का एहसास होने लगा है। दोपहर में सूरज की तपिश के कारण धूप चुभने लगी है। हालांकि सुबह और शाम गुलाबी ठंड बनी हुई है। लेकिन इस बार सर्दी का असर जल्दी खत्म हो गया है और गर्मी की दस्तक भी समय से पहले हो गई है। जिसकी वजह मौसम विभाग ने ला-नीना का कमजोर पड़ना बताया है। इसी कारण फरवरी में ही तेज धूप सता रही है और तापमान भी आसमान छूने लगा है। इस बार होली तक ही चुभने वाली गर्मी पड़नी शुरू होने की संभावना है।
आज यूपी में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी में मौसम साफ रहेगा। अगले 7 दिनों तक पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। इस दौरान बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम साफ रहने के कारण दिन में तेज धूप भी खिली रहेगी। जिससे गर्मी का एहसास बना रहेगा। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। इस सप्ताह दिन के तापमान में 2-3 डिग्री की क्रमिक बढ़ोत्तरी हो सकती है। यह सामान्य से काफी अधिक बना रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस का इजाफा होने की संभावना है। यह भी सामान्य से अधिक दर्ज किया जाएगा।
आज लखनऊ का मौसम
यूपी की राजधानी लखनऊ में भी आज आसमान साफ रहने वाला है। दिन में धूप भी खिली रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। गुरुवार को लखनऊ में दिन का पारा 30.4 डिग्री और रात का तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में यूपी का सबसे गर्म जिला हमीरपुर रहा, यहां का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं सबसे ठंडा जिला अयोध्या दर्ज किया गया, यहां का न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रहा। जिसके बाद नजीबाबाद और कानपुर नगर में 12 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ।
