शहर

Delhi Weather Today: आज NCR के कई इलाकों में बारिश के आसार, आई IMD की तात्कालिक चेतावनी; जानें कब मिलेगी उमस से राहत

Delhi Weather Today (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 17 July 2026: दिल्ली में मानसून के बेतहाशा गर्मी पड़ रही है। शुक्रवार सुबह नोएडा-ग्रेटर नोएडा में बारिश हुई है और IMD ने दिल्ली के कई इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

Image

दिल्ली में आज हो सकती है बारिश

Photo : Times Now Digital

Delhi Weather Today (17 July 2026): राजधानी दिल्ली में मानसून के सीजन में भी लोगों को भीषण गर्मी और चिपचिपी उमस से राहत नहीं मिल पा रही है। आलम यह है कि दिल्ली में जुलाई महीने में गर्मी ने पिछले करीब दो साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा है। यह जुलाई 2024 के बाद का सबसे अधिक तापमान है। इससे पहले 30 जुलाई 2024 को दिल्ली का पारा 39.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।

नोएडा-ग्रेटर नोएडा में झमाझम बारिश, दिल्ली में 'येलो अलर्ट'

इस भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार की सुबह दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए थोड़ी राहत लेकर आई। सुबह-सुबह ग्रेटर नोएडा और नोएडा के कुछ इलाकों में झमाझम बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग (IMD) ने फिलहाल उत्तरी दिल्ली, उत्तर पश्चिम दिल्ली, पश्चिम दिल्ली, सेंट्रल दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा और उत्तर पूर्व दिल्ली में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश (5 मिमी प्रति घंटा से कम) का 'येलो अलर्ट' जारी किया है। इस दौरान 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। IMD के बुलेटिन के अनुसार, दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और दोपहर या शाम के समय गरज-चमक वाले बादल विकसित हो सकते हैं।

क्यों रूठी है बारिश? मौसम विशेषज्ञों ने खोला राज

दिल्ली में बादल छाने के बावजूद भारी बारिश न होने के पीछे मौसम वैज्ञानिकों ने एक खास वजह बताई है। स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत के अनुसार, अरब सागर से आने वाली नम दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के कारण दिल्ली के ऊपर बादल तो बन रहे हैं, लेकिन गुजरात के ऊपर से गुजरते हुए इन हवाओं की नमी काफी कम हो जा रही है। इसके अलावा फिलहाल कोई सक्रिय मौसम प्रणाली मौजूद नहीं है, जो इन बादलों को भारी बारिश में बदल सके।

20 जुलाई के बाद झमाझम बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक, 18 जुलाई तक दिल्ली-NCR में अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है और गर्म व उमस भरी स्थितियां बनी रहेंगी। IMD ने 16 से 19 जुलाई के बीच छिटपुट से हल्की बारिश की संभावना जताई है, जबकि 20 से 22 जुलाई के बीच दिल्ली में व्यापक और अच्छी मानसूनी बारिश होने का अनुमान है, जिससे तापमान में बड़ी गिरावट आएगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article