शहर

दिल्ली का मौसम (16 Feb 2026) Delhi Weather Today: स्वेटर अभी मत रखिए! IMD ने कहा- दिल्ली में फिर होगी बारिश, गिरेगा तापमान

दिल्ली का मौसम (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 16 Feb 2026: दिल्ली-NCR में बढ़ती गर्मी के बीच मौसम विभाग ने एक बारिश को लेकर आगाह किया है। तेज हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के चलते तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को एक बार फिर हल्की ठंड का अहसास होगा। तो आइए जानते हैं, कैसा रहेगा दिल्ली के मौसम का हाल।

Image

दिल्ली में दिख रहे बारिश के आसार

Photo : Times Now Digital

दिल्ली में आज का मौसम (16 Feb 2026): दिल्ली-NCR में फरवरी की गर्मी के बीच राहत भरी खबर सामने आ रही है। पिछले कुछ दिनों से लगातार चढ़ते पारे ने लोगों को पसीने छुड़ाना शुरू कर दिया था, लेकिन अब मौसम का मिजाज एक बार फिर पलटने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पूर्वानुमान जताया है कि 18 फरवरी को राजधानी और आसपास के इलाकों में बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जाएगी।

18 फरवरी को बारिश के आसार (Delhi Rain Today News in Hindi)

पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में धूप की तपिश इतनी तेज हो गई थी कि लोगों ने अपनी जैकेट और स्वेटर अलमारी में रख दिए थे। दिन के समय गर्मी का अहसास मार्च-अप्रैल जैसा होने लगा था। हालांकि, अब पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से 18 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस बारिश के बाद अधिकतम तापमान जो 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, गिरकर 27-28 डिग्री सेल्सियस पर आ सकता है।

हवाओं की रफ्तार ने बढ़ाई ठिठुरन

बारिश से पहले ही दिल्ली-NCR में हवाओं ने अपनी चाल बदल ली है। बीते 24 घंटों के दौरान 19 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली ठंडी हवाओं ने दिन की तेज धूप के असर को कम कर दिया है। उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही इन हवाओं के कारण दिन में धूप खिली होने के बावजूद हल्की सिहरन महसूस हो रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि रात का तापमान अभी भी 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहेगा, जिसका मतलब है कि रात और सुबह की गुलाबी ठंड अभी कुछ दिन और साथ निभाएगी।

धुंध और प्रदूषण का हाल (Delhi AQI Today)

फरवरी के इस बदलते दौर में सुबह के समय हल्की धुंध और कोहरा देखने को मिल रहा है। विजिबिलिटी सुबह के वक्त 3 से 5 किलोमीटर तक रह सकती है, जो दिन चढ़ने के साथ बेहतर हो जाएगी। अगर वायु गुणवत्ता (AQI) की बात करें, तो यह फिलहाल 120 से 160 के बीच यानी 'मध्यम' श्रेणी में रहने की उम्मीद है। हालांकि, सुबह के समय प्रदूषण के कणों (PM2.5) में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन दिन की तेज हवाएं इसे साफ करने में मदद करेंगी।

आने वाले दिनों का तापमान चार्ट

मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, 21 फरवरी तक दिल्ली-NCR का अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। 18 फरवरी की बारिश के बाद मौसम एक बार फिर सुहावना हो जाएगा, जिससे बढ़ती हुई गर्मी से लोगों को कुछ दिनों के लिए निजात मिल जाएगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article