दिल्ली में आज का मौसम (13 March 2026): दिल्ली-एनसीआर में मार्च की शुरुआत से ही गर्मी के तेवर देखने को मिल रहे हैं। दिनभर से चिलचिलाती धूप के कारण लोगों को मई जैसी गर्मी का एहसास हो रहा है। हालांकि 48 घंटों के बाद राजधानी के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने दो दिन बाद दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना जताई है। जिससे तापमान में भी हल्की कमी देखने को मिल सकती है, साथ ही गर्मी से भी मामूली राहत की उम्मीद है। 14 मार्च को उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है, जिसके प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार, राजस्थान समेत कई राज्यों के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
दिल्ली का मौसम
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में आज आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की संभावना है। जिसके कारण दिन में बादलों और सूरज के बीच लुका-छिपी का खेल भी देखने को मिल सकता है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। 14 मार्च को भी राजधानी में बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है। इस दौरान दिन में 1-2 डिग्री सेल्सियस तक तापमान में कमी भी आने की संभावना है।
दिल्ली में दो दिन बाद बारिश
IMD के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में 15 मार्च को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। साथ ही हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना भी है। इस दौरान तेज हवाएं चलने के भी आसार जताए जा रहे हैं। वहीं तापमान की बात करें तो बारिश के कारण दिन और रात के तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। 16 मार्च को आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन अभी बारिश को लेकर कोई संभावना नहीं जताई गई है।
दिल्ली में कितना है तापमान
दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 डिग्री के पार बना हुआ है। गुरुवार को यह 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, यह सामान्य से 6.9 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पालम में अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री, लोधी रोड में 16.1 डिग्री, आयानगर में 35.9 डिग्री और रिज में 36.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। इन सभी जगहों पर तापमान सामान्य से 5-7 डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज हुआ।
