दिल्ली में आज का मौसम (08 March 2026): दिल्ली-एनसीआर में मार्च की शुरुआत में ही गर्मी ने नया रिकॉर्ड गर्मी बना दिया है। शनिवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, यह पिछले 50 सालों में मार्च के पहले सप्ताह का सबसे अधिक तापमान है। मौसम विभाग के अनुसार इस बार राजधानी में रिकॉर्डतोड़ गर्मी पड़ने की आशंका जताई जा रही है। दिन के साथ ही अब रात भी तेजी से गर्म होने लगी है। सुबह और रात के समय पड़ने लगी हल्की ठंड भी लगभग समाप्त हो चुकी है। रात का पारा 19 डिग्री के करीब पहुंच गया है। लगातार बढ़ते तापमान ने मौसम विशेषज्ञों की चितांएं भी बढ़ा दी हैं।
आज दिल्ली का मौसम
आज दिल्ली में कैसा मौसम रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-NCR में आज मौसम साफ रहेगा। सुबह से ही धूप खिली रहेगी और दिन चढ़ने के साथ ही सूरज की तपिश भी बढ़ेगी। जिससे दिन में तेज गर्मी महसूस हो सकती है। तेज धूप के कारण शाम तक मौसम गर्म बना रह सकता है। जिसके बाद तापमान में गिरावट होगी। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया जा सकता है।
दिल्ली में अगले 5 दिन मौसम का हाल
दिल्ली-एनसीआर में 9 से 13 मार्च के दौरान आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान दिन में धूप निकलेगी, लेकिन सूरज और बादलों के बीच आंख मिचोली का खेल देखने को भी मिल सकता है। हालांकि इससे तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। इस अवधि में दिल्ली में अधिकतम तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 17 से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज होने की संभावना है।
दिल्ली में शनिवार को भी मौसम साफ ही बना रहा और दिनभर तेज धूप निकली रही। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 7.3 डिग्री अधिक 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 50 सालों के मौसम के आंकड़ों के अनुसार इससे पहले मार्च के पहले सात दिनों में सबसे अधिक तापमान 5 मार्च 1999 को 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं 2011 के बाद के मौसम रिकॉर्ड के अनुसार, मार्च के पहले सप्ताह में दूसरा सबसे अधिक तापमान 4 मार्च 2016 में 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
