दिल्ली में आज का मौसम (02 June 2026): दिल्ली-NCR के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। कभी यहां कड़क धूप निकल रही है, तो कभी बादलों की आवाजाही बनी हुई है। आने वाले दिनों में मौसम एक बार फिर करवट बदलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 3 जून को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी भारत में एक्टिव हो रहा है। जिसके प्रभाव से दिल्ली, यूपी समेत कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इस दौरान दिल्ली में 2 से 7 जून तक मौसम में बदलाव होने के आसार हैं।
दिल्ली में 02 जून को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली में बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। लेकिन गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान कहीं-कहीं तेज हवाएं भी चल सकती हैं। जिसकी रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है, कभी-कभी हवाओं के झोंके 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच सकती है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। कल भी ऐसा ही मौसम बने रहने के आसार हैं।
दिल्ली में अगले 5 दिन मौसम का हाल
दिल्ली में 3 और 4 जून को आंधी-बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान घने बादल आसमान में छाए रहेंगे और हल्की बारिश भी होने की संभावना है। साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की है। 7 जून से आसमान फिर से साफ हो जाएगा। जिसके बाद तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की जा सकती है। जिससे गर्मी में फिर से इजाफा होगा।
