Delhi Restaurant Fire: दिल्ली के जाफराबाद इलाके में मंगलवार रात एक रेस्टोरेंट की रसोई में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग और धुएं से जान बचाने के लिए रेस्टोरेंट में मौजूद कुछ लोगों के पहली मंजिल से छलांग लगा दी। पुलिस के मुताबिक, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया था। जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
दिल्ली के जाफराबाद में रेस्टोरेंट की रसोई में लगी आग
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - वैशाली में नाव हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत, मृतकों में ज्यादातर बच्चे, PM मोदी ने मुआवजे का किया ऐलान
वीडियो में बिल्डिंग से कूदते दिखे लोग
दिल्ली पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर को रात करीब 10:34 बजे वेलकम थाना क्षेत्र में आग लगने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो मौजपुर स्थित मुख्य जाफराबाद रोड पर दुकान नंबर 169 में बने उधम रेस्टोरेंट की रसोई में आग लगी हुई थी। घटना के दौरान रेस्टोरेंट में मौजूद लोगों के बीच भारी अफरा-तफरी मच गई। आग से बचने के लिए कुछ लोगों ने पहली मंजिल से नीचे छलांग लगाते हुए भी नजर आए। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें बिल्डिंग के बाहर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ नजर आ रही है और पहली मंजिल पर कुछ लोग नीचे कूदते हुए भी दिख रहे हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Maharashtra: नालासोपारा में 'इम्पीरियल हाइट्स' बिल्डिंग में भीषण आग, दो महिलाओं की मौत
कर्मचारियों ने बुझाई आग
पुलिस ने बताया कि आग की सूचना पर घटनास्थल पर दमकल की एक गाड़ी भी पहुंची। लेकिन रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने पहले ही आग को पूरी तरह बुझा दिया था। अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है।
आग रेस्टोरेंट की रसोई में लगी थी। फिलहाल आग लगने के कारणों के बारे में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच की जा रही है।
