Delhi Heatwave: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गर्मी लगातार लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री ज्यादा रहा। भारतीय मौसम विभाग (IMD Weather Update) के अनुसार, राजधानी में तेज धूप और गर्म हवाओं की वजह से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह से ही गर्मी का असर दिखाई देने लगा था और दोपहर तक हालात और ज्यादा कठिन हो गए। मौसम विभाग ने बताया कि रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री अधिक था।
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ी हीटवेव की चिंता (पीटीआई फाइल फोटो)
दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज
सुबह के समय भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली। दिन चढ़ने के साथ ही सड़कों पर गर्म हवा चलने लगी और बाहर निकलना मुश्किल हो गया। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज (Heatwave Alert) किया गया। सबसे ज्यादा गर्मी रिज और अयानगर इलाके में महसूस की गई, जहां अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा अन्य कई मौसम केंद्रों पर भी तापमान 43 डिग्री के आसपास रिकॉर्ड किया गया।
डॉक्टरों ने लोगों को दी खास सलाह
भीषण गर्मी का असर आम लोगों की दिनचर्या पर साफ दिखाई दे रहा है। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम हो गई और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलते नजर आए। गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण बच्चों, बुजुर्गों और बाहर काम करने वाले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि वे ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं, धूप में निकलने से बचें और हल्के कपड़े पहनें। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी दिल्ली में गर्मी से तुरंत राहत मिलने की संभावना कम है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है ताकि हीटस्ट्रोक और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से बचा जा सके।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
