Delhi Chhath Puja: छठ महापर्व को लेकर दिल्ली सरकार ने राजधानी के 1,400 से अधिक घाटों पर व्यापक इंतजाम किए हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता खुद तैयारियों की निगरानी कर रही हैं। वह 15 और 16 नवंबर को दिल्ली के दो प्रमुख छठ घाटों पर श्रद्धालुओं के साथ सूर्य देव को अर्घ्य देंगी। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, रविवार को वह सोनिया विहार छठ घाट और सोमवार सुबह आईटीओ के पास हाथी घाट जाएंगी।
छठ पूजा के लिए दिल्ली सरकार की तैयारी पूरी (Photo/X| Rekha Gupta)
सोनिया विहार में डूबते सूर्य को देंगी अर्घ्य
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रविवार को सोनिया विहार छठ घाट पर पहुंचेंगी। यहां वह व्रत करने वाले श्रद्धालुओं से मुलाकात करेंगी और उनके साथ डूबते सूर्य को अर्घ्य भी देंगी। इस दौरान वह देश और दिल्ली की सुख-समृद्धि, खुशहाली और लोगों के कल्याण की कामना करेंगी। वहीं, सोमवार सुबह मुख्यमंत्री ITO के पास हाथी घाट पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य देंगी और छठी मैया व सूर्य देव की पूजा करेंगी।
मुनक नहर पर 11 किलोमीटर लंबा छठ घाट तैयार
दिल्ली सरकार ने यमुना किनारे के प्रमुख घाटों के अलावा उत्तर दिल्ली में मुनक नहर के किनारे करीब 11 किलोमीटर लंबा छठ घाट भी तैयार किया है। सभी प्रमुख घाटों पर सफाई, रोशनी, सुरक्षा, पीने के पानी, शौचालय और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम जैसी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
मॉडल घाटों पर CCTV से निगरानी
सरकार ने मॉडल छठ घाटों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की है। यहां सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। इससे घाटों की लगातार निगरानी होगी और किसी आपात स्थिति में संबंधित अधिकारियों तथा सुरक्षाकर्मियों को तुरंत सूचना दी जा सकेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रमुख घाटों पर व्यक्तिगत रूप से मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। रेखा गुप्ता ने छठ पर्व को भारत की सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति के प्रति आभार का प्रतीक बताते हुए दिल्लीवासियों को शुभकामनाएं भी दी हैं।
