शहर

Ghazipur Accident: डिवाइडर तोड़कर पलटी स्कॉर्पियो, फुटपाथ पर चल रहे बुजुर्ग पर गिरी; मौत

दिल्ली के गाजीपुर में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। मयूर विहार की तरफ से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो डिवाइडर से टकराकर फुटपाथ पर जा पलटी। इस दर्दनाक घटना में गाजीपुर मंडी से काम कर लौट रहे पश्चिम बंगाल के एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। कार में 5 युवक-युवतियां सवार थे।

Image

हादसे में क्षतिग्रस्त कार

Photo : Times Now Digital

Ghazipur Accident: दिल्ली के गाजीपुर इलाके में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की लापरवाही ने फुटपाथ पर चल रहे एक बुजुर्ग की जान ले ली। गाजीपुर मंडी से मेहनत-मजदूरी कर घर लौट रहे बुजुर्ग को क्या पता था कि मौत उनके पीछे से आ जाएगी।

डिवाइडर तोड़कर फुटपाथ पर गिरी कार

जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 6 बजे मयूर विहार की दिशा से एक काले रंग की स्कॉर्पियो बेहद तेज रफ्तार में आ रही थी। गाजीपुर के पास चालक ने कार पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद गाड़ी पहले जोरदार तरीके से डिवाइडर से टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार हवा में कई बार पलटते हुए बाईं तरफ फुटपाथ पर जा गिरी।

बुजुर्ग की दबकर मौत

हादसे के वक्त फुटपाथ पर 3-4 लोग पैदल जा रहे थे। ये सभी लोग गाजीपुर मंडी में अपना काम निपटाकर घर लौट रहे थे। जब स्कॉर्पियो पलटी, तो वह सीधे एक बुजुर्ग के ऊपर जाकर गिरी। कार के नीचे दबने के कारण बुजुर्ग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। गनीमत रही कि बाकी साथियों को चोट नहीं आई।

मृतक की पहचान 76 वर्षीय पाइक करमई के रूप में हुई है। वह पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले के रहने वाले थे और दिल्ली में रोजी-रोटी कमाने के लिए मंडी में काम करते थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है।

कार में सवार थे 5 लोग

हादसे को अंजाम देने वाली स्कार्पियो में कुल 5 लोग सवार थे, जिनमें 3 लड़कियां और 2 लड़के शामिल हैं। गाड़ी 26 साल का श्रेय कुमार चला रहा था, जो नोएडा का रहने वाला है। उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि वाहन में सवार अन्य लोग दुर्घटना के बाद कथित तौर पर फरार हो गए। अधिकारियों ने बताया कि उनकी पहचान करने और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं। जांच करने के लिए घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। पुलिस ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताओं के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेज दिया गया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article