शहर

दिल्ली की सड़कों पर उतरेंगी 2800 नई AC इलेक्ट्रिक बसें, वेस्ट से सेंट्रल दिल्ली के लिए नया रूट शुरू

Delhi EV Bus News: दिल्ली सरकार पीएम ई-ड्राइव योजना के तहत 2,800 नई एसी लो-फ्लोर इलेक्ट्रिक बसें उतारने जा रही है। इसके साथ ही सेंट्रल और वेस्ट दिल्ली के बीच सफर करने वालों के लिए एक नया स्पेशल रूट 753 Ext शुरू किया गया है।

Image

दिल्ली में 14,000 बसों का महा-प्लान (सांकेतिक चित्र)

Photo : PTI

Delhi News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा प्रदूषण के स्तर में गिरावट लाने के लिए दिल्ली सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली सरकार ने देश की महत्वाकांक्षी 'पीएम ई-ड्राइव' (PM E-Drive) योजना के पहले चरण के तहत 2,800 नई वातानुकूलित (AC) लो-फ्लोर इलेक्ट्रिक बसों को बेड़े में शामिल करने का फैसला किया है। उम्मीद जताई जा रही है कि ये सभी अत्याधुनिक बसें अगले साल से दिल्ली की सड़कों पर दौड़ना शुरू कर देंगी। यह कदम दिल्ली सरकार के उस विजन का हिस्सा है, जिसके तहत साल 2028-29 तक राजधानी में सार्वजनिक बसों की कुल संख्या को बढ़ाकर 14,000 तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार का मानना है कि इस कदम से न सिर्फ यातायात सुगम होगा, बल्कि दिल्ली की हवा को भी साफ रखने में मदद मिलेगी।

वेस्ट दिल्ली के इन 7 इलाकों के लिए बड़ी खुशखबरी

बसों की इस बड़ी खेप के आने से पहले दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने स्थानीय यात्रियों की सुविधा के लिए एक और बड़ा प्रयोग किया है। दिल्ली के परिवहन विभाग ने जुलाई महीने में प्रयोग के तौर पर एक नई बस सेवा 'रूट 753 एक्सटेंशन' (Route 753 Ext) की शुरुआत की है। यह नया रूट विशेष रूप से सेंट्रल दिल्ली (केंद्रीय दिल्ली) और वेस्ट दिल्ली (पश्चिमी दिल्ली) के कई प्रमुख रिहायशी इलाकों के बीच दैनिक यात्रा करने वाले नौकरीपेशा और आम लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

इन क्षेत्रों को मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

इस नए रूट के शुरू होने से जनकपुरी, विकासपुरी, हस्तसाल, शिव विहार, उत्तम नगर, हरि नगर और इनके आस-पास के रिहायशी इलाकों के निवासियों को सीधे मोरी गेट, कश्मीरी गेट, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के लिए सीधी और सुलभ बस सेवा मिल सकेगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article