इन दिनों दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे (Delhi-Mumbai Expressway) बड़ी चर्चा में है। हो भी क्यों नहीं, 1350 किमी लंबा बन रहा यह एक्सप्रेसवे देश का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे जो बनने जा रहा है। लेकिन यहां हम बात दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे की नहीं कर रहे, बल्कि इससे बहुत छोटे 210 किमी लंबे एक्सप्रेसवे की कर रहे हैं। यह एक्सप्रेसवे देश की राजधानी दिल्ली को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से जोड़ता है। जी हां, आप सही समझे, हम निर्माणाधीन दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और इकोनॉमिक कॉरिडोर (Delhi-Dehradun Expressway and Economic Corridor) की ही बात कर रहे हैं।
देश का अनोखा एक्सप्रेसवे होगा ये
पूर्वी दिल्ली में अक्षरधाम मंदिर के पास से शुरू हो रहा यह दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर इन दोनों शहरी की बीच की दूरी को 6 घंटे से घटाकर मात्र 2.30 घंटा कर देगी। यानी एक बार आप इस एक्सप्रेसवे पर चढ़ गए तो ढाई घंटे बाद पहाड़ों की गोद में यानी देहरादून में होंगे। यह इकोनॉमिक कॉरिडोर एक नेशनल पार्क यानी राजाजी नेशनल पार्क से होकर गुजर रहा है।
नीचे हाथी की चिंघाड़, ऊपर रफ्तार
दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर को इस तरह से बनाया जा रहा है कि इसमें वन्यजीव संरक्षण का पूरा ध्यान रखा गया है। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर राजाजी नेशनल पार्क के बीच से गुजर रहा है। इससे न तो जंगली जानवरों को कोई परेशानी होगी और न ही इस एक्सप्रेसवे से गुजरने वाले लोगों को कोई खतरा होगा। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर में एनिमल कॉरिडोर, एलिवेटिड रोड और टनल भी बनाई जा रही हैं। ताकि जंगली जानवरों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके।
देहरादून एक्सप्रेसवे की खास बातें
पानी भी बचाएगा देहरादून एक्सप्रेसवे
दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर को इस तरह से बनाया जा रहा है कि पानी बचाया जा सके। इस एक्सप्रेसवे पर बारिश के पाने के संचयन के लिए भी इंतेजाम किए गए हैं। इस एक्सप्रेसवे पर हर आधे किलोमीटर की दूरी पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था की गई है।
आसान होगी पहाड़ों की सैर
दिल्ली-एनसीआर और देश के अन्य हिस्सों से देहरादून, मसूरी, धनौल्टी, हरिद्वार, ऋषिकेश जैसी जगहों पर जाना आसान हो जाएगा। इससे उत्तराखंड के इन पर्यटन स्थलों तक लोगों की आवाजाही बहुत ही आसान और तेज हो जाएगी। इससे क्षेत्र के आर्थिक कविकास को भी रफ्तार मिलेगी।
यूपी-उत्तराखंड के लिए विकास का वाहक बनेगा एक्सप्रेसवे
दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर दिल्ली और देहरादून ही नहीं उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के भी कई अन्य शहरों को लाभ पहुंचाएगा। खासतौर पर उत्तर प्रदेश के मेरठ, बड़ौत, बागपत, यमुनानगर, शामली और मुजफ्फरनगर के साथ ही उत्तराखंड में हरिद्वार, ऋषिकेश में भी यह एक्सप्रेसवे विकास का वाहक बनेगा। NHAI के अनुमान के अनुसार 6 लेन के इस कॉरिडोर से हर रोज 20-30 हजार वाहन गुजरेंगे। इससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
